असहज होने पर माता-पिता या पुलिस को दें सूचना: थानाध्यक्ष

स्थानीय माउंट लिटरा जी स्कूल परिसर में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, अधिकारों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पॉक्सो विषय पर जागरूकता कार्यक्रम किया गया

माउंट लिटरा जी स्कूल में पॉक्सो विषय को लेकर चला जागरूकता कार्यक्रम लखीसराय स्थानीय माउंट लिटरा जी स्कूल परिसर में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, अधिकारों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पॉक्सो विषय पर जागरूकता कार्यक्रम किया गया. जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा किसी भी प्रकार के दुर्व्यहार की स्थिति में उठाये जाने वाले आवश्यक कदमों के बारे में जागरूक करना था. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कवैया थाना के नव पदस्थापित थानाध्यक्ष रणधीर कुमार उपस्थित रहे. उन्होंने बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनुचित हरकत, गलत व्यवहार या शोषण को कभी भी छिपाना नहीं चाहिए. उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की असहज स्थिति का सामना करना पड़े, तो वे तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दें. उन्होंने यह भी बताया कि कानून बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है. मौके पर कुमारी खुशबू, रजनी कुमारी तथा सब-इंस्पेक्टर दिलीप कुमार ने बच्चों को सरल एवं स्पष्ट भाषा में “गुड टच” और “बैड टच” के बारे में विस्तार से समझाया. उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को यह बताया कि कौन-सा स्पर्श सुरक्षित है और कौन-सा असुरक्षित. साथ ही, बच्चों को यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें असहज महसूस कराये, तो वे “ना” कहें, वहां से तुरंत हट जायें और किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी दें. कार्यक्रम के दौरान पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों को प्राप्त कानूनी अधिकारों तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गयी. अभिभावकों को भी जागरूक किया गया कि वे अपने बच्चों के साथ खुलकर संवाद करें और उनके व्यवहार में किसी भी बदलाव को गंभीरता से लें. बैठक में उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में सुरक्षित, सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण बनाये रखने का संकल्प लिया. सभी ने यह प्रतिज्ञा की कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी को नजरअंदाज नहीं किया जायेगा और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उचित कदम उठाये जायेंगे. कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि एवं सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहरायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >