सभी लंबित मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाय: डीएम
लंबित मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाय तथा न्यायालयों में लंबित वादों का त्वरित निष्पादन किया जाय.
डीएम ने बैठक कर की अभियोजन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा
लखीसराय. जिलाधिकारी नीरज कुमार की अध्यक्षता में उनके ही कक्ष में अभियोजन से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों का स्वागत करते हुए अभियोजन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाय तथा न्यायालयों में लंबित वादों का त्वरित निष्पादन किया जाय. उन्होंने विशेष रूप से साक्ष्य एवं बहस के स्तर पर लंबित मामलों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जिलाधिकारी ने सभी विधि पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे न्यायालयों में लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की नियमित समीक्षा करें तथा उससे संबंधित प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध करायें, ताकि जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की बैठकों में समुचित समीक्षा की जा सके. बैठक में सभी लोक अभियोजकों एवं विशेष लोक अभियोजकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह ससमय अद्यतन प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से जमा करें, ताकि विभागीय कार्यों में विलंब न हो. इसके अतिरिक्त, लंबित मामलों में आरोप गठन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने, अभियुक्तों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए वारंट एवं नोटिस के तामिला में तेजी लाने तथा संबंधित थानों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया. अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियोजन कार्यों को प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने का निर्देश दिया, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लायी जा सके और आमजन को शीघ्र न्याय मिल सके. बैठक में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला विधि शाखा के पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, लोक अभियोजक कुमारी बबीता, विशेष लोक अभियोजक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.
——————————————————————————–