लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट. गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा और राजगीर के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. किऊल रेलवे स्टेशन होकर गुजरने वाली गाड़ी संख्या 03029/03030 हावड़ा-राजगीर समर स्पेशल ट्रेन का परिचालन कल यानी 16 मई से शुरू हो जाएगा. इस ट्रेन के शुरू होने से लखीसराय, किऊल, जमालपुर और भागलपुर के रेल यात्रियों को काफी सुविधा होगी.
ट्रेन का समय और सारणी (Time Table)
रेलवे द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार ट्रेन का परिचालन इस प्रकार होगा:
- अप मार्ग (03029): यह ट्रेन हावड़ा जंक्शन से 16 मई की रात्रि 10:50 बजे खुलेगी. अगले दिन 17 मई की सुबह 9:30 बजे किऊल पहुंचेगी और दोपहर 1:00 बजे राजगीर स्टेशन पहुंच जाएगी.
- डाउन मार्ग (03030): राजगीर से यह ट्रेन 17 मई को दोपहर 2:00 बजे खुलेगी. शाम 5:30 बजे किऊल स्टेशन पहुंचेगी और अगले दिन 18 मई की सुबह 4:30 बजे हावड़ा पहुंच जाएगी.
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह समर स्पेशल ट्रेन अपने सफर के दौरान किऊल, अभयपुर, जमालपुर, भागलपुर, साहिबगंज, पाकुड़ और रामपुरहाट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इसी रूट से यह ट्रेन डाउन दिशा में भी वापस लौटेगी.
दैनिक यात्रियों और कर्मियों के लिए वरदान
इस ट्रेन के चलने से उन यात्रियों को सबसे अधिक लाभ होगा जो लखीसराय में काम करते हैं और शाम को जमालपुर या भागलपुर की ओर लौटते हैं. अब तक शाम 5:00 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद यात्रियों को देर रात तक इंटरसिटी एक्सप्रेस का इंतजार करना पड़ता था. अब वे शाम 5:30 बजे किऊल से इस स्पेशल ट्रेन को पकड़कर आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.
जून तक होगा परिचालन
फिलहाल रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन का परिचालन जून माह तक के लिए तय किया है. हालांकि, रेलवे सूत्रों का कहना है कि यदि दैनिक यात्रियों की मांग और भीड़ अधिक रही, तो इसके परिचालन की अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है.
