रेल यात्रियों की सहूलियत और ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूर्व रेलवे ने हावड़ा-नटेसर-हावड़ा (ट्रेन संख्या 03029/03030) स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू करने का निर्णय लिया है. यह ट्रेन किऊल जंक्शन, लखीसराय जिले के प्रमुख स्टेशनों और जमालपुर रेलखंड से होकर गुजरेगी, जिससे इस रूट पर यात्रा करने वाले लखीसराय, शेखपुरा, बड़हिया और आसपास के हजारों दैनिक व लंबी दूरी के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.
सप्ताह में 3 दिन चलाई जाएगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, ट्रेन संख्या 03029 हावड़ा-नटेसर स्पेशल 10 अगस्त 2026 से 8 फरवरी 2027 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलाई जाएगी. वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 03030 नटेसर-हावड़ा स्पेशल 11 अगस्त 2026 से 9 फरवरी 2027 तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को संचालित होगी. दोनों दिशाओं में यह ट्रेन कुल 79-79 फेरे लगाएगी.
समय-सारिणी और रूट शेड्यूल
- हावड़ा-नटेसर स्पेशल (03029): हावड़ा से रात 10:00 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन बांदेल, बर्द्धमान, खाना, बोलपुर-शांतिनिकेतन, रामपुरहाट, पाकुड़, बरहरवा, साहिबगंज, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर होते हुए अगले दिन सुबह 09:25 बजे किऊल जंक्शन पहुंचेगी.
- किऊल और आगे का मार्ग: किऊल में 5 मिनट (सुबह 09:25 से 09:30 बजे) रुकने के बाद ट्रेन अशोकधाम, बड़हिया, हाथीदह, मोकामा, अथमलगोला, बख्तियारपुर लिंक, बिहार शरीफ, नालंदा और राजगीर होते हुए दोपहर 01:00 बजे नटेसर पहुंचेगी.
- नटेसर-हावड़ा स्पेशल (03030): नटेसर से दोपहर 01:55 बजे रवाना होकर उसी निर्धारित मार्ग से यात्रा पूरी करते हुए अगले दिन सुबह 07:00 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
यात्रियों में खुशी की लहर, जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
इस नई स्पेशल ट्रेन की शुरुआत से जमालपुर-किऊल रेलखंड के यात्रियों को पटना और हावड़ा मार्ग पर अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिल गया है. रेलवे ने सभी प्रमुख स्टेशनों को निर्धारित समय-सारिणी का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं. इधर, इस बहुप्रतीक्षित रेल सेवा की शुरुआत पर पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और क्षेत्रीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का आभार प्रकट किया है.
