लगातार बारिश से बरियारपुर पंचायत में जनजीवन अस्त-व्यस्त

पीरीबाजार के बरियारपुर पंचायत में लगातार बारिश से सड़कों और घरों में पानी भर गया है। जल निकासी की समस्या से ग्रामीण परेशान, प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।

पीरीबाजार (लखीसराय). रविवार रात से हो रही लगातार बारिश ने पीरीबाजार थाना क्षेत्र के बरियारपुर पंचायत की गांव में लोगों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है. मूसलाधार बारिश के कारण गांव के कई घरों में पानी घुस गया है, जबकि मुख्य सड़कों पर जलजमाव से आवागमन बाधित हो गया है. लगातार हो रही बारिश से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जलजमाव के कारण बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है.

दैनिक कार्याें पर भी पड़ रहा असर

दैनिक कार्यों पर भी इसका सीधा असर पड़ा है. कई परिवार घरों में भरे पानी के बीच रहने को मजबूर हैं. ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से ऐसी स्थिति बनती है. इस बार लगातार बारिश ने समस्या को और गंभीर बना दिया है. बरियारपुर निवासी नीरज कुमार ने बताया कि पहाड़ से निकलने वाले पैन (जल निकासी मार्ग) की खुदाई लघु सिंचाई विभाग द्वारा शुरू कराई गई थी, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया.

पइन की खुदाई अधूरी रहने से बारिश का नहीं निकल पा रहा पानी

पइन की खुदाई अधूरी रहने के कारण बारिश का पानी सुचारू रूप से नहीं निकल पा रहा है, जिससे पानी सड़कों और घरों में घुस रहा है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लघु सिंचाई विभाग से अधूरी पड़ी पइन की खुदाई जल्द पूरी कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लगातार बारिश से हालात और बिगड़ सकते हैं और लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >