Heatwave In lakhisarai: सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश गुप्ता की रिपोर्ट. लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पूरा इलाका हीट वेव की चपेट में आ गया. तेज धूप और उमस के साथ लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. हालात ऐसे हैं कि सुबह 9 बजे के बाद घर से निकलना मुश्किल हो गया है और दोपहर में सड़कें लगभग वीरान नजर आने लगी हैं.
सुबह से ही दिखने लगा गर्मी का रौद्र रूप
शनिवार की सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया. दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर और बढ़ता गया. दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम देखी गयी.
लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. शहर में दोपहर के समय ऐसा माहौल दिख रहा है मानो गर्मी का ‘कर्फ्यू’ लग गया हो.
बिजली कटौती ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
भीषण गर्मी के बीच बिजली की लगातार आंख-मिचौली लोगों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन गयी है. थोड़ी-थोड़ी देर पर बिजली कटने से लोग उमस भरी गर्मी में परेशान रहे.
पंखों से गर्म हवा निकल रही है, जबकि बार-बार बिजली ट्रिप होने से एसी और कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे हैं. लोगों का कहना है कि दिन के समय बिजली कटौती की समस्या सबसे ज्यादा परेशान कर रही है.
स्कूली बच्चों पर सबसे ज्यादा असर
तेज धूप और लू का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है. स्कूल से लौटते समय बच्चे गमछा और कपड़े से चेहरा ढंककर घर जाते दिखे.
अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गयी है, क्योंकि लगातार बढ़ती गर्मी से बच्चों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ रहा है.
डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. डॉक्टरों का कहना है कि पर्याप्त पानी पीते रहें, हल्का भोजन करें और सिर ढंककर ही बाहर निकलें.
विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने की अपील की गयी है.
Also Read: Patna News: इबोला वायरस को लेकर राजधानी के अस्पतालों में अलर्ट, गाइडलाइन का इंतजार
