लखीसराय. बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का रविवार को लखीसराय पहुंचने पर जदयू कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भव्य स्वागत किया. स्वास्थ्य मंत्री जमुई जिले के झाझा नगर परिषद क्षेत्र में बोड़वा बस स्टैंड चौक के समीप सरदार पटेल की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने पटना से सड़क मार्ग से झाझा जा रहे थे. इसी दौरान लखीसराय जिले में विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया.
लखीसराय बाईपास में विधायक के नेतृत्व में स्वागत
पूर्वाह्न करीब 11 बजे लखीसराय बाईपास में सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल के नेतृत्व में जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया. कार्यकर्ताओं ने मंत्री को फूलों की माला पहनायी और गुलदस्ता भेंट किया. इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री अपनी कार से नीचे उतरे और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया.
बड़हिया में भी कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन
इसके बाद बड़हिया प्रखंड क्षेत्र में जैतपुर स्थित जदयू कार्यालय के समीप पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. मंत्री के स्वागत के लिए स्थानीय जदयू कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
तेतरहट में भी हुआ स्वागत
रामगढ़ चौक प्रखंड के तेतरहट में भी जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया. कार्यकर्ताओं ने फूलों की माला और गुलदस्ता देकर उनका अभिनंदन किया. मौके पर जदयू के सूर्यगढ़ा नगर अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, राज कपूर भाई पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे.
