लखीसराय : जिले के सदर प्रखंड के महिसोना में गुरुवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर का विधिवत शुभारंभ किया. अनुसूचित जाति टोलों में आयोजित होने वाले ये विकास शिविर 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक लगातार चलाये जाएंगे. शिविरों के सफल संचालन के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी की ओर से विशेष माइक्रो प्लान तैयार किया गया है.
पहले दिन 14 टोलों में लगा शिविर
माइक्रो प्लान के आधार पर जिले के विभिन्न अनुसूचित जाति टोलों में चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित किये जाएंगे. अभियान के पहले ही दिन जिले के 14 अनुसूचित जाति टोलों में विकास शिविर का आयोजन किया गया. इन शिविरों के माध्यम से पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गयी.
22 कल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
डीडीसी सुमित कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति के परिवारों को सरकार की 22 विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाना है. उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान की तर्ज पर पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गयी है.
कागजात के साथ शिविर में पहुंचने की अपील
डीएम शैलेंद्र कुमार ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने जरूरी कागजात के साथ शिविर में पहुंचें और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं. उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पात्र लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रमाण-पत्रों का वितरण भी किया.
संत रविदास के विचारों को किया याद
कार्यक्रम में संत रविदास के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर भी चर्चा की गयी. अधिकारियों ने कहा कि संत रविदास के विचार समानता, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान की दिशा में आज भी प्रेरणादायी हैं.
मौके पर डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी कुमार चौबे समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
