बड़हिया के प्रतिनिधि के अनुसार
खुटहा प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-1 में सोमवार रात खेले गये दोनों मुकाबलों में दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला. पहले मैच में गंगासराय ने अशोक धाम को चार विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में बीपी बॉयज बेगूसराय ने वारिसलीगंज को आठ विकेट से पराजित कर अगले दौर में जगह बनायी.पहले मैच में अशोक धाम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 138/7 रन बनाये. जवाब में गंगासराय की टीम ने 9.2 ओवर में 141/6 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. गंगासराय की जीत के नायक साजन पासवान रहे, जिन्होंने मात्र 23 गेंदों पर 72 रन की विस्फोटक पारी खेली. अपनी पारी में उन्होंने नौ छक्के और चार चौके लगाये. शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया.
दूसरे मैच में वारिसलीगंज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 115/8 रन बनाये. लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीपी बॉयज बेगूसराय की टीम ने महज 6.3 ओवर में 120/2 रन बनाकर 8 विकेट से जीत दर्ज कर ली. टीम की ओर से आर्यक प्रभात ने 20 गेंदों पर 62 रन की तूफानी पारी खेली और मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अपने नाम किया.