चार गैर जमानती वारंटी गिरफ्तार, पुलिस ने कोर्ट में किया पेश
Lakhisari News : गांव-गांव चल रही तलाश के बीच सूर्यगढ़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार गैर जमानती वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया. एनडीपीएस से लेकर हत्या मामले तक के आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.
सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Lakhisari News : लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने विभिन्न मामलों में फरार चल रहे चार गैर जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की यह कार्रवाई अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर की गई. सभी आरोपियों को सोमवार पूर्वाह्न 11:40 बजे लखीसराय कोर्ट में पेशी के लिए भेज दिया गया.
जगदीशपुर से एनडीपीएस मामले में गिरफ्तारी
सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए पंकज सिंह को गिरफ्तार किया. वह सीताराम सिंह का पुत्र है और सूर्यगढ़ा थाना कांड संख्या 109/24 में वांछित था. यह गिरफ्तारी एसआई अमित कुमार राजा के नेतृत्व में रविवार अपराह्न 3:30 बजे की गई.
अलीनगर इंग्लिश गांव से दो वारंटी गिरफ्तार
अलीनगर इंग्लिश गांव में पुलिस ने दो गैर जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया. इनमें कुणाल कुमार, जो मनोज यादव का पुत्र है, तथा विडियम कुमार उर्फ रजनीश कुमार, जो स्वर्गीय भगवानी यादव का पुत्र है, शामिल हैं. ये दोनों सूर्यगढ़ा थाना कांड संख्या 185/24 में फरार चल रहे थे. एसआई पन्नालाल राम के नेतृत्व में सोमवार पूर्वाह्न 1:35 बजे छापेमारी कर दोनों को उनके घर से पकड़ा गया.
रामपुर गांव से हत्या मामले का आरोपी दबोचा गया
रामपुर गांव में पुलिस ने एक अन्य बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े पुराने मामले में फरार चल रहे वारंटी प्रमोद सिंह को गिरफ्तार किया. वह सुरेश सिंह का पुत्र है और सूर्यगढ़ा थाना कांड संख्या 02/07 में वांछित था. यह कार्रवाई सहायक थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार के नेतृत्व में सोमवार पूर्वाह्न 10:10 बजे की गई.
पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप
थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. विभिन्न टीमों द्वारा की गई इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों पर शिकंजा कसा गया है.
कोर्ट में पेश किये गये सभी आरोपित
गिरफ्तारी के बाद सभी चारों वारंटियों को सूर्यगढ़ा थाना लाया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लखीसराय कोर्ट में पेशी के लिए भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके.