सूर्यगढ़ा : पिपरिया थाना क्षेत्र के वलीपुर गांव में मंगलवार को पानी में डूबने से 50 वर्षीय किसान ललन सिंह की मौत हो गई. वह स्व. रामाश्रय सिंह के पुत्र थे. नदी के जलस्तर में वृद्धि के बाद खेतों में फैले पानी में डूबने से हादसा हुआ. गोताखोर की मदद से मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे शव को पानी से बाहर निकाला गया. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेजा गया.
मवेशियों के लिए चारा लाने खेत गए थे
पिपरिया थानाध्यक्ष सौरभ सुमन ने बताया कि ललन सिंह मवेशियों के लिए चारा लाने खेत गए थे. नदी किनारे सोती में स्थित खेत में नरकटिया लाने के दौरान वह गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए. जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका.
गोताखोर ने देर रात बरामद किया शव
प्रभारी अंचलाधिकारी सह राजस्व अधिकारी जैनुल आबेदीन ने बताया कि मंगलवार की देर शाम सूर्यगढ़ा से गोताखोर को बुलाकर शव की तलाश शुरू की गई. एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई थी, जिसके बुधवार सुबह पहुंचने की संभावना थी. इससे पहले ही गोताखोर की मदद से रात करीब 12 बजे शव बरामद कर लिया गया. पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई.
घटना के बाद गांव में पसरा मातम
किसान की मौत के बाद वलीपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के निचले खेतों में पानी फैल गया है, जिससे फसलों को भी नुकसान हो रहा है. पशु चारा लाने के लिए किसानों को पानी भरे खेतों में जाने की मजबूरी बनी हुई है. ऐसे में हादसे की आशंका भी बढ़ गई है.
