हलसी में बिजली चोरी पर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 91 हजार का जुर्माना फोटो -बिजली मीटर प्रतिनिधि, हलसी. थाना क्षेत्र के प्रेमडीहा गांव में बुधवार को बिजली विभाग ने छापेमारी कर बिजली चोरी का खुलासा किया. सहायक विद्युत अभियंता निशांत कुमार के नेतृत्व में टीम ने गांव निवासी कौशल चौधरी के औद्योगिक परिसर की जांच की. जांच में सामने आया कि मीटर के पहले तार जोड़कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग हो रहा था.
विभाग ने इसे विद्युत चोरी मानते हुए उपभोक्ता पर 91,459 रुपये का जुर्माना लगाया है. इस मामले में एई निशांत कुमार ने हलसी थाना में लिखित आवेदन देकर विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है. छापेमारी दल में एई (राजस्व) अरविंद कुमार, नलीन कुमार, कृष्णनंदन कुमार व छोटू कुमार शामिल थे. विभागीय अधिकारियों ने चेतावनी दी कि बिजली चोरी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा. लोगों से अपील की गई है कि वैध कनेक्शन व मीटर से ही बिजली लें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई के साथ आर्थिक दंड भुगतना होगा.
