लखीसराय : ऐजनीघाट पंचायत से घाटकुसुम्भा (शेखपुरा) को जोड़ने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क की बदहाल स्थिति अब ग्रामीणों के लिए परेशानी के साथ-साथ जानलेवा साबित हो रही है. सड़क की जर्जर स्थिति और हाल में हुई एक महिला की मौत के बाद ऐजनीघाट पंचायत की मुखिया प्रतिमा देवी ने जिला पदाधिकारी को पत्र भेजकर सड़क की तत्काल जांच और मरम्मत कराने की मांग की है.
सड़क के किनारे कटे, जगह-जगह बने गहरे गड्ढे
मुखिया ने पत्र के माध्यम से बताया कि पंचायत क्षेत्र से गुजरने वाली महत्वपूर्ण सड़क के कई हिस्से लंबे समय से बदहाल हैं. सड़क के दोनों किनारों की मिट्टी कटने से जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गये हैं. कई स्थानों पर सड़क का किनारा करीब एक फुट तक धंस चुका है. इसके अलावा सड़क के किनारे उगी झाड़ियों और घास के कारण चालकों को सड़क की वास्तविक चौड़ाई का अंदाजा नहीं हो पाता है.
हाल में हुई बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गयी है. जगह-जगह जलजमाव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. वहीं, दोपहिया वाहन चालकों के लिए गड्ढे और कटे हुए किनारे लगातार हादसे का खतरा बने हुए हैं.
11 अगस्त को सड़क हादसे में महिला की हुई थी मौत
पत्र में 11 अगस्त को ऐजनीघाट पंचायत के वार्ड संख्या चार के समीप हुए सड़क हादसे का भी उल्लेख किया गया है. हादसे में एक महिला की मौत हो गयी थी. मुखिया ने कहा कि सड़क की दयनीय स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों में हमेशा किसी अनहोनी का भय बना रहता है.
स्थलीय जांच और तत्काल मरम्मत की मांग
मुखिया प्रतिमा देवी ने जिला पदाधिकारी से पूरी सड़क की स्थलीय जांच कराने की मांग की है. उन्होंने संबंधित विभाग को जर्जर हिस्सों की मरम्मत, सड़क के कटे किनारों को दुरुस्त करने और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने का निर्देश देने का आग्रह किया है.
उन्होंने कहा कि समय रहते प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाये गये तो भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगायी जा सकती है और ग्रामीणों का आवागमन भी सुरक्षित हो सकेगा.
