लखीसराय : दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत दी है. रेलवे दिल्ली और भागलपुर के बीच दैनिक आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने जा रहा है. ट्रेन संख्या 04062/04061 दिल्ली-भागलपुर-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल के परिचालन से लखीसराय, किऊल, अभयपुर, जमालपुर और भागलपुर के यात्रियों को फायदा मिलेगा.
रेलवे के अनुसार, ट्रेन दोनों दिशाओं में प्रतिदिन चलेगी. त्योहारों के दौरान दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस ट्रेन के परिचालन से कंफर्म टिकट मिलने और सफर आसान होने की उम्मीद है.
10 अक्टूबर से शुरू होगा परिचालन
रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, 04062 दिल्ली-भागलपुर फेस्टिवल स्पेशल 10 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन दिल्ली से रवाना होगी.
वहीं 04061 भागलपुर-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल 12 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन भागलपुर से चलेगी. दोनों दिशाओं में ट्रेन के 47-47 फेरे निर्धारित किये गये हैं.
किऊल और अभयपुर में ये रहेगा समय
दिल्ली से भागलपुर जाने वाली ट्रेन:
- किऊल जंक्शन: सुबह 10:15 बजे पहुंचेगी, 10:20 बजे रवाना होगी.
- अभयपुर: सुबह 10:41 बजे पहुंचेगी, 10:43 बजे रवाना होगी.
- इसके बाद ट्रेन जमालपुर और सुल्तानगंज होते हुए भागलपुर पहुंचेगी.
भागलपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन:
- अभयपुर: शाम 6:14 बजे पहुंचेगी, 6:16 बजे रवाना होगी.
- किऊल जंक्शन: शाम 7:05 बजे पहुंचेगी, 7:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी.
1220 किलोमीटर की दूरी, 24 कोच
फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन करीब 1220 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. ट्रेन में कुल 24 आईसीएफ/एलएचबी कोच लगाये जायेंगे.
त्योहारी सीजन में दिल्ली से लखीसराय, जमालपुर और भागलपुर की ओर आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है. ऐसे में दैनिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.
