सड़क किनारे मिला युवक का शव, हादसे की आशंका

प्रखंड के टाल क्षेत्र में ऐजनीघाट और घाटकुसुम्भा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर रविवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने रविवार की सुबह किया शव बरामद

मृतक शेखपुरा जिला के घाटकुसुम्भा का था रहने वाला, सूचना पर पहुंचे परिजन

बड़हिया

प्रखंड के टाल क्षेत्र में ऐजनीघाट और घाटकुसुम्भा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर रविवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना वीरुपुर थाना क्षेत्र के फादिल मोड़ के समीप की है. मृतक के पास से एक बाइक भी बरामद हुई है, जिससे प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है. जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक युवक को गिरा हुआ देखा. इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वीरुपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मृतक की पहचान शेखपुरा जिला के घाटकुसुम्भा निवासी सागर महतो के 26 वर्षीय पुत्र धरवेंद्र कुमार के रूप में की गयी है. पुलिस ने मौके से युवक की बाइक को भी जब्त कर लिया है. घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गये. युवक की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने बताया कि धरवेंद्र शनिवार की देर शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह जल्द लौट आयेगा, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा. इस दौरान परिजन उसके मोबाइल पर लगातार संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ. इस संबंध में वीरुपुर थानाध्यक्ष जितेंद्र देव दीपक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है. शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >