मेदनीचौकी (लखीसराय) : थाना क्षेत्र के झपानी स्थित जालान शॉपी के सामने संचालित CSP केंद्र में मंगलवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर 90 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.
सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा मिला दरवाजा
CSP संचालक सुभाष कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह जब वह केंद्र खोलने पहुंचे तो दरवाजे का लॉक टूटा हुआ था. अंदर जाने पर गल्ला भी टूटा मिला और उसमें रखे करीब 90 हजार रुपये गायब थे. इसके बाद उन्होंने तत्काल मेदनीचौकी थाना को सूचना दी.
पुलिस ने शुरू की जांच, डॉग स्क्वायड से होगी जांच
सूचना मिलने पर मेदनीचौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच कराई जाएगी.
एक दिन पहले दरवाजा लगाने वाले मिस्त्री पर शक
सीएसपी संचालक ने एक मिस्त्री पर संदेह जताया है. उनके अनुसार, घटना से एक दिन पहले खावा के एक मिस्त्री ने सीएसपी का दरवाजा लगाया था. दरवाजा लगाने के दौरान इस्तेमाल की गई छेनी, हथौड़ी और टेंगारी कहां रखी गई थी, इसकी जानकारी मिस्त्री को थी. संचालक को आशंका है कि इन्हीं औजारों की मदद से दरवाजा तोड़कर चोरी की गई होगी.
संचालक ने मामले को लेकर मेदनीचौकी थाना में लिखित आवेदन देकर जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
