भाकपा ने अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई की मांग
कवैया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर अवैध क्लीनिक में प्रसव के बाद एक प्रसूता की मौत के बाद भाकपा ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर तीखा हमला बोला है.
लखीसरायके प्रतिनिधि के अनुसार
कवैया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर अवैध क्लीनिक में प्रसव के बाद एक प्रसूता की मौत के बाद भाकपा ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर तीखा हमला बोला है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने करीब चार घंटे तक मुख्य सड़क जाम कर विरोध जताया. भाकपा नेता सह अधिवक्ता रजनीश कुमार ने कहा कि जिले में दर्जनों अवैध अस्पताल और सैकड़ों मानकविहीन दवा दुकानें स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से चल रही हैं. फर्जी चिकित्सकों के इलाज से मरीजों की जान से खिलवाड़ हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल कई प्रसूताओं की मौत के बाद कुछ दिन हंगामा होता है, फिर समझौते और मुआवजे के साथ मामला दबा दिया जाता है. अवैध कारोबार दोबारा शुरू हो जाता है. पूर्व में स्वास्थ्य मंत्रालय और जिला प्रशासन को पत्र लिखने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. भाकपा ने मांग की है कि अवैध अस्पताल संचालकों और फर्जी चिकित्सकों पर हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई हो. अवैध दवा दुकानों को तुरंत बंद किया जाय. पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकार से उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच समिति गठित कर दोषी अधिकारियों व कारोबारियों पर कार्रवाई की मांग भी की है.