लखीसराय : लखीसराय जिले में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश के आसार कम हो गये हैं. मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि रात में कम तीव्रता के साथ बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के बिहार से होते हुए उत्तराखंड की ओर बढ़ने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है.
सीमावर्ती इलाकों में बूंदाबांदी के आसार
रविवार सुबह जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है. हवा में नमी 80 से 90 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है. तापमान में भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
मौसम और खेती से जुड़े मुख्य अपडेट
- दिन में बादल छाए रहेंगे, बारिश की संभावना कम.
- रात में हल्की बारिश हो सकती है.
- सीमावर्ती क्षेत्रों में सुबह बूंदाबांदी के आसार.
- अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान.
- हवा में नमी 80 से 90 प्रतिशत तक रह सकती है.
- किसानों के लिए खेतों में जरूरी काम करने का अनुकूल समय.
किसान कर सकते हैं खेतों की तैयारी
बारिश की संभावना कम होने के कारण किसान मिर्च, टमाटर और हरी सब्जियों के बिचड़े तैयार करने के लिए ऊपरी हिस्से वाले खेतों की तैयारी कर सकते हैं. किसानों को आज खेतों में जरूरी कृषि कार्य पूरा करने की सलाह दी गयी है.
वहीं धान की फसल को फिलहाल अगले एक सप्ताह तक सिंचाई की आवश्यकता नहीं बतायी गयी है. ऐसे में किसान पानी की उपलब्धता और खेत की स्थिति को देखते हुए सिंचाई पर होने वाले खर्च को बचा सकते हैं.
जलजमाव वाले स्थानों पर बच्चों को रखें दूर
लगातार बारिश के कारण जिले के गांवों में नदी-नाले और गड्ढे अभी भी पानी से भरे हुए हैं. ऐसे में बच्चों को नदी किनारे और गड्ढे वाले स्थानों पर जाने से रोकने की सलाह दी गयी है. जलजमाव वाले क्षेत्रों में थोड़ी सी लापरवाही भी हादसे का कारण बन सकती है.
