प्राथमिक विद्यालय ताजपुर भिड़हा चांय टोला का है मामला
मेदनीचौकीसूर्यगढ़ा शिक्षांचल के प्राथमिक विद्यालय ताजपुर भिड़हा चांयटोला के बच्चों ने मध्याह्न भोजन में शुक्रवार को कच्चा अंडा और खराब केला देने से आक्रोशित हो गये. आक्रोशित बच्चों ने भिड़हा ढाला के पास एनएच 80 को करीब 11 बजे जाम कर दिया. वार्ड संख्या सात के वार्ड सदस्य अनिल कुमार ने बताया कि जब बच्चों ने एनएच को जाम किया तो इसकी सूचना मेदनीचौकी थाना को दी गयी. सूचना मिलते ही मेदनीचौकी थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार दल-बल के साथ जाम स्थल पहुचे. जाम कर रहे बच्चों को समझा कर जाम हटाया. लोगों के अनुसार जाम करीब 10-15 मिनट तक रहा.
जामस्थल पर वार्ड सदस्य के अलावा ग्रामीण भी थे. थानाध्यक्ष के साथ सभी लोग विद्यालय पहुंचे. वहां एचएम रूबी कुमारी से अंडा व केला को लेकर उठे विवाद पर बातचीत कर मामले को शांत किया गया. इस संबंध में थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने बताया कि स्कूली बच्चों द्वारा एनएच 80 सड़क जाम की सूचना पर पहुंच कर मामला को शांत कर जाम हटा दिया गया.