लखीसराय. जिले में गुरुवार को बकरीद का त्योहार आपसी सौहार्द और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. शहर से गांव तक ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों का हुजूम उमड़ा. मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी. थाना चौक स्थित ईदगाह समेत सभी प्रमुख मस्जिदों में नमाज का सिलसिला सुबह से शुरू हो गया. सफेद कुर्ता-पायजामा पहने नमाजी बड़ी संख्या में पहुंचे. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी. *सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम* त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. एसपी प्रेरणा कुमार एवं एसडीपीओ शिवम कुमार के नेतृत्व में जिले भर में पुलिस बल की तैनाती की गई. टाउन थानाध्यक्ष अशोक कुमार, कवैया थानाध्यक्ष रंधीर कुमार समेत अन्य पदाधिकारी लगातार इलाके में गश्त करते रहे. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती गई. *घरों में बने लजीज पकवान, दिखी गंगा-जमुनी तहजीब* बकरीद पर घर-घर पुलाव, मीट, कबाब समेत कई लजीज व्यंजन बने. लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर दावत का लुत्फ उठाया. त्योहार पर भाईचारे की मिसाल भी देखने को मिली. हिंदू समाज के लोगों ने मुस्लिम परिवारों के घर पहुंचकर बकरीद की बधाई दी और आपसी एकता का संदेश दिया. पचना रोड, छोटी दरगाह, बड़ी दरगाह, इमलिया मोहल्ला समेत शहरी क्षेत्रों में खासा उत्साह रहा. वहीं किउल, खगौर, वृंदावन, बालगुदर और नीमचक समेत ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई. सभी जगहों पर त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.
बकरीद पर दिखा भाईचारा, नमाज के बाद मांगी अमन-चैन की दुआ

बकरीद पर दिखा भाईचारा, नमाज के बाद मांगी अमन-चैन की दुआ
Copied link
नमाज के बाद मांगी अमन-चैन की दुआ