एनएच 80 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, मानुचक गांव में पसरा मातमी सन्नाटा

लखीसराय जिले में NH 80 पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार 25 वर्षीय युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है.

लखीसराय-सूर्यगढ़ा एनएच 80 पर सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खेमतरनी स्थान मोड़ के समीप सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब दो बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया. किसी अज्ञात वाहन की तेज रफ्तार टक्कर से बाइक सवार 28 वर्षीय युवक गोविंद कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के पश्चात परिजनों को सौंप दिया है.

लखीसराय जाने के दौरान हुआ हादसा

मृतक की पहचान सूर्यगढ़ा नगर परिषद के वार्ड संख्या 23 निवासी रामबदन पासवान के 28 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार, गोविंद कुमार अपनी टीवीएस बाइक (संख्या BR01GM-2831) से देर रात घर से लखीसराय की ओर जा रहे थे. इसी दौरान खेमतरनी स्थान मोड़ के समीप पीछे से आए एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि गोविंद सड़क किनारे गिर पड़े और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

मोबाइल पर आ रही कॉल से हुई पहचान

मंगलवार सुबह शौच के लिए निकले स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे युवक का क्षत-विक्षत शव और दुर्घटनाग्रस्त बाइक देखी, जिसके बाद तुरंत सूर्यगढ़ा पुलिस को सूचना दी गई. हादसा अत्यंत भीषण होने के कारण मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था, जिससे शुरुआती क्षणों में पहचान होना संभव नहीं हो पा रहा था. हालांकि, मृतक की जेब में रखे मोबाइल पर परिजनों की लगातार आ रही कॉल को पुलिसकर्मियों ने रिसीव किया, जिसके बाद उसकी पहचान संभव हो सकी.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस छानबीन में जुटी

रोते बिलखते परिजन

मृतक गोविंद कुमार चार भाइयों और तीन बहनों में मझला था. उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल लखीसराय में करा दिया है. परिजनों द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए हाईवे पर लगे कैमरों की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजेश गुप्ता

राजेश गुप्ता प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सूर्यगढ़ा (लखीसराय) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >