जुगाड़ गाड़ी से टक्कर के बाद बाइक में लगी आग, तीन जख्मी, दो की हालत गंभीर
Lakhisari News : लखीसराय के सूर्यगढ़ा में एनएच-80 पर शनिवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई. जुगाड़ गाड़ी से टक्कर के बाद बाइक में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर हालात भयावह हो गए.
सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Lakhisari News : मेदनीचौकी-सूर्यगढ़ा एनएच-80 पर सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के रामनगर गांव स्थित संजय लाइन होटल के पास यह हादसा हुआ. जुगाड़ गाड़ी से टकराने के बाद बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय रेफर किया गया.
टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवक, फिर हुआ बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े. इसी दौरान एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने दो युवकों को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया. इससे दोनों की हालत और गंभीर हो गई.
आग की चपेट में आयी बाइक, मची अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद बाइक में आग लग गई, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सूर्यगढ़ा पहुंचाया गया. आग की वजह से अपाचे बाइक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं जुगाड़ गाड़ी भी बुरी तरह टूट गई.
घायलों की हुई पहचान
घायलों की पहचान सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के नीरपुर गांव निवासी दशरथ ठाकुर के भतीजे अभिषेक कुमार, अजय ठाकुर के पुत्र गौतम कुमार और पटेलपुर गांव निवासी महेंद्र महतो के पुत्र चुन्नू कुमार के रूप में हुई है. इनमें अभिषेक कुमार और गौतम कुमार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
अस्पताल में इलाज, परिजनों में चिंता
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को सदर अस्पताल, लखीसराय रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. हादसे के कारणों और फरार वाहन की तलाश की जा रही है.
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह
एनएच-80 पर हुआ यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़ा करता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है.