लखीसराय के बसौनी गांव में थाना भवन निर्माण में फंसा गांव का रास्ता, 10 दिन बाद भी समाधान का इंतजार

Basauni Thana Road Dispute: लखीसराय के बसौनी गांव में नया थाना भवन बनने से वर्षों पुराना मुख्य रास्ता बंद हो गया है. प्रशासन ने 10 दिन में समाधान का भरोसा दिया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी ग्रामीण अब तक राहत का इंतजार कर रहे हैं.

पीरी बाजार से रविराज आनंद की रिपोर्ट.

Basauni Thana Road Dispute: लखीसराय जिले के बसौनी गांव में थाना भवन निर्माण को लेकर शुरू हुआ रास्ते का विवाद अब ग्रामीणों की बड़ी परेशानी बनता जा रहा है. गांव के लोगों का आरोप है कि नये थाना भवन निर्माण के कारण वर्षों पुराना मुख्य रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे सैकड़ों लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. प्रशासन ने 10 दिनों के भीतर समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल जमीन पर नजर नहीं आई है.

गांव का मुख्य रास्ता बंद होने से बढ़ी परेशानी

अभयपुर अंतर्गत कसबा पंचायत के बसौनी गांव में निर्माणाधीन थाना भवन के बगल से गुजरने वाला रास्ता ग्रामीणों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग माना जाता रहा है. इसी रास्ते से लोग बाजार, स्कूल और दूसरे गांवों तक पहुंचते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बंद होने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है और लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है.

केंद्रीय मंत्री तक पहुंची ग्रामीणों की आवाज

मामले को लेकर ग्रामीणों ने क्षेत्रीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री Rajiv Ranjan Singh से मुलाकात कर ज्ञापन भी सौंपा था. ग्रामीणों ने मांग की थी कि थाना भवन निर्माण ऐसा हो जिससे गांव का पुराना रास्ता बाधित न हो. लोगों का कहना है कि थोड़े बदलाव के साथ निर्माण कार्य और रास्ता दोनों बचाए जा सकते हैं.

अधिकारियों ने किया था निरीक्षण

ग्रामीणों के विरोध के बाद 17 मई को मुंगेर रेंज के डीआईजी, लखीसराय एसपी और एसडीओ ने बसौनी पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया था. अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद 10 दिनों के भीतर समाधान निकालने का भरोसा दिया था. लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है.

रुका पड़ा है सड़क निर्माण का काम

प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट निर्देश नहीं मिलने के कारण सड़क निर्माण का काम पूरी तरह ठप पड़ा है. ग्रामीणों में इसे लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि वे अब भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि प्रशासन जल्द कोई निर्णय लेकर रास्ते की समस्या का समाधान करेगा.

मुखिया ने क्या कहा

कसबा पंचायत के मुखिया अमित कुमार ने कहा कि विभाग की ओर से अब तक निर्माण शुरू करने से संबंधित कोई पत्र नहीं मिला है. जैसे ही निर्देश प्राप्त होगा, निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा.

Also Read: सरकारी जमीन पर गड़बड़ी करने वालों की अब खैर नहीं, बिहार सरकार लाने जा रही नया कानून, मंत्री ने क्या-क्या बताया?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >