बड़हिया (लखीसराय). बड़हिया का मशहूर रसगुल्ला इन दिनों बढ़ती महंगाई की मार झेल रहा है. पिछले करीब 10 दिनों में चीनी की कीमत में हुई तेज बढ़ोतरी ने मिठाई कारोबारियों की लागत बढ़ा दी है. बड़हिया में 250 से अधिक रसगुल्ले की दुकानें हैं, जहां प्रतिदिन हजारों किलो रसगुल्ले का उत्पादन और बिक्री होती है. चीनी के बढ़े भाव के बाद अधिकांश दुकानों में रसगुल्ले की कीमत में इजाफा किया गया है.
250 से अधिक दुकानों में होता है रसगुल्ले का कारोबार
बड़हिया की पहचान बन चुका रसगुल्ला यहां के छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े मिष्ठान प्रतिष्ठानों तक की बिक्री का प्रमुख हिस्सा है. प्रतिदिन बड़ी मात्रा में रसगुल्ले की बिक्री होने के कारण कच्चे माल की कीमत में मामूली बदलाव भी कारोबार पर सीधा असर डालता है. चीनी महंगी होने के बाद दुकानदारों के सामने उत्पादन लागत को नियंत्रित करना चुनौती बन गया है.
चीनी के भाव में 2 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक उछाल
मिठाई कारोबारियों के अनुसार जून में दूध की कीमत में भी करीब तीन रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई थी. बढ़ी लागत को किसी तरह संभाला जा रहा था, लेकिन पिछले 10 दिनों में चीनी के दाम में अचानक तेजी ने कारोबार का गणित बिगाड़ दिया.
कारीगरों के अनुसार पहले करीब 4,800 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिलने वाली चीनी अब करीब 6,800 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है. यानी चीनी की कीमत में करीब 2,000 रुपये प्रति क्विंटल का उछाल आया है.
खुदरा बाजार में भी बढ़ी चीनी की कीमत
किराना कारोबारियों का कहना है कि थोक बाजार में चीनी के भाव बढ़ने का असर खुदरा बाजार पर भी पड़ा है. चीनी की कीमत में करीब 20 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी बताई जा रही है. इसका सीधा असर रसगुल्ले की उत्पादन लागत पर पड़ा है.
दाम घटे तो रसगुल्ला भी करेंगे सस्ता
महारानी स्थान रोड स्थित फेमस फूडी साव दुकान के संचालक ने बताया कि यदि चीनी की कीमत में कमी आती है तो रसगुल्ले की कीमत भी घटाकर 130 रुपये प्रति किलो कर दी जाएगी. वहीं शीतला भंडार के संचालक अमित ने बताया कि फिलहाल चीनी और अन्य सामग्री की बढ़ी लागत के कारण रसगुल्ले की कीमत कम करना संभव नहीं है.
महंगाई से कारोबारियों और ग्राहकों दोनों पर असर
बड़हिया की पहचान बन चुके रसगुल्ले की कीमत बढ़ने से मिठाई कारोबारियों के साथ-साथ ग्राहकों की चिंता भी बढ़ी है. कारोबारियों का कहना है कि कच्चे माल की कीमतों में कमी आने पर उसका लाभ ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा. वहीं ग्राहक उम्मीद कर रहे हैं कि चीनी और अन्य जरूरी सामग्री के दाम जल्द सामान्य हों, ताकि बड़हिया के मशहूर रसगुल्ले का स्वाद पहले की कीमत पर मिल सके.
