बड़हिया स्टेशन पर टला बड़ा रेल हादसा, दो ट्रेनों के बीच ट्रैक पर फंसे परीक्षार्थी, वीडियो वायरल

बड़हिया रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनों के बीच परीक्षार्थियों की भीड़ फंस गई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बड़हिया (लखीसराय). रेलवे स्टेशन बड़हिया पर गुरुवार को भीड़ के बीच अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई. प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान कई परीक्षार्थी और यात्री रेलवे ट्रैक पर उतर गए. उसी समय दोनों ओर से ट्रेनों की आवाजाही होने लगी, जिससे कुछ देर के लिए ट्रैक पर मौजूद लोगों की जान जोखिम में पड़ गई.

दो ट्रेनों के बीच फंस गई भीड़

जानकारी के अनुसार प्लेटफॉर्म संख्या-2 की थ्रू लाइन से गुरुमुखी एक्सप्रेस गुजर रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 की डाउन लाइन पर पटना-जसीडीह लोकल ईएमयू के आने की घोषणा हुई. वहीं प्लेटफॉर्म संख्या-3 की लूप लाइन पर धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस पहले से खड़ी थी.

फुट ओवरब्रिज छोड़ ट्रैक से पार करने लगे यात्री

प्रतियोगी परीक्षा के कारण स्टेशन पर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भारी भीड़ थी. भीड़ अधिक होने के कारण कई लोग फुट ओवरब्रिज का उपयोग करने के बजाय सीधे रेलवे ट्रैक पार कर प्लेटफॉर्म बदलने लगे. इसी दौरान दोनों ओर से ट्रेनों की आवाजाही शुरू होने पर स्थिति बेहद खतरनाक हो गयी.

वीडियो में दिखी अफरा-तफरी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कई लोग ट्रैक के बीच फंसे नजर आ रहे हैं. कुछ लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

बाल-बाल टला बड़ा हादसा

गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि ट्रेनों की गति अधिक होती या यात्री समय पर ट्रैक से नहीं हटते तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था.

भीड़ प्रबंधन पर उठे सवाल

घटना के बाद रेलवे प्रशासन की भीड़ प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षा के कारण पहले से भीड़ की संभावना थी, इसके बावजूद यात्रियों को ट्रैक पर उतरने से रोकने तथा सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में आरपीएफ, जीआरपी अथवा रेलवे कर्मियों की तैनाती नजर नहीं आयी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव मुरारी सिन्हा

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >