बड़हिया से शशिकांत मिश्रा की रिपोर्ट.
Barahiya Politics: नगर परिषद बड़हिया की सशक्त स्थाई समिति के चुनाव में शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला. सत्ता पक्ष समर्थित उम्मीदवारों को करारी हार का सामना करना पड़ा, जबकि विपक्षी खेमे के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर नगर परिषद की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी. चुनाव परिणाम सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया.
प्रतिष्ठा की लड़ाई बना था चुनाव
स्थानीय राजनीतिक जानकारों के मुताबिक यह चुनाव दो बड़े गुटों के बीच प्रतिष्ठा का सवाल बन गया था. एक ओर पूर्व चेयरमैन अमित कुमार का गुट सक्रिय था, तो दूसरी ओर सत्ता पक्ष में सुजीत कुमार का खेमा पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरा था. ऐसे में चुनाव परिणाम को नगर परिषद की राजनीति के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है.
विपक्ष ने दर्ज की बड़ी जीत
सत्ता पक्ष की ओर से वार्ड संख्या 14 से अमित शंकर फूलन, वार्ड संख्या 5 से प्रभा देवी और वार्ड संख्या 22 से प्रेमशंकर मैदान में थे. वहीं विपक्ष की ओर से अविनाश कुमार, विकी कुमार और रिंकू देवी ने दावेदारी पेश की थी. मतगणना में विपक्ष समर्थित प्रत्याशियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की.
ऐसे बदला पूरा समीकरण
वार्ड संख्या 22 से विकी कुमार ने 14 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि प्रेमशंकर को 12 वोट मिले. वार्ड संख्या 14 में अविनाश कुमार को 14 मत मिले और अमित शंकर फूलन 12 वोट पर सिमट गए. वहीं वार्ड संख्या 5 में रिंकू देवी ने 16 मत हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की, जबकि प्रभा देवी को केवल 10 वोट मिले.
विकास योजनाओं पर पड़ेगा असर
सशक्त स्थाई समिति नगर परिषद की विकास योजनाओं, प्रशासनिक फैसलों और वित्तीय मामलों में अहम भूमिका निभाती है. यही वजह है कि इस चुनाव परिणाम को आने वाले दिनों की राजनीति और विकास कार्यों से जोड़कर देखा जा रहा है.
कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ चुनाव
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में कड़ी प्रशासनिक निगरानी के बीच संपन्न हुई. मतदान और मतगणना के दौरान निर्वाची पदाधिकारी राहुल कुमार, बीडीओ प्रतीक कुमार और उपेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे. प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया.
बढ़ सकती है राजनीतिक सरगर्मी
चुनाव परिणाम के बाद नगर परिषद की राजनीति और गर्माने की संभावना जताई जा रही है. स्थानीय स्तर पर अब नए राजनीतिक समीकरणों और रणनीतियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
Also Read: आज सिंगापुर जायेंगे लालू प्रसाद, कोर्ट से मिला परमिशन, 2022 में हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट
