बड़हिया (लखीसराय) : बड़हिया रेफरल अस्पताल में चिकित्सकों की तत्परता से सर्पदंश की शिकार एक 20 वर्षीय युवती की जान बच गयी. समय पर अस्पताल पहुंचने और तत्काल इलाज शुरू होने से युवती की हालत में सुधार हुआ और वह खतरे से बाहर आ गयी.
मिली जानकारी के अनुसार नगर के वार्ड नंबर 10 निवासी राजू कुमार की 20 वर्षीय पुत्री राजनंदनी कुमारी को हाथ में सांप ने डंस लिया. सर्पदंश के बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में वह बेहोश हो गयी.
परिजन आनन-फानन में उसे लेकर बड़हिया रेफरल अस्पताल पहुंचे. अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने बिना समय गंवाए इलाज शुरू कर दिया. प्रभारी चिकित्सक के मार्गदर्शन में मेडिकल टीम ने युवती की लगातार निगरानी की और आवश्यक उपचार किया.
डॉक्टरों की तत्परता और समय पर इलाज मिलने से युवती की हालत में धीरे-धीरे सुधार होने लगा. इलाज के बाद वह खतरे से बाहर आ गयी. परिजनों ने बेटी की जान बचाने के लिए अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की टीम का आभार जताया.
चिकित्सकों ने बरसात के मौसम को देखते हुए लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में नहीं पड़ें. मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उचित इलाज मिल सके.
