लखीसराय. विद्या-भवन बालिका विद्यापीठ के बाल-भवन परिसर में 22 से 26 अगस्त तक पांच दिवसीय रचनात्मक गतिविधियों की श्रृंखला का आयोजन किया गया. प्राचार्या श्रीमती कविता सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा पंचम तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को रचनात्मकता, हस्तकौशल, कला, संगीत और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा गया.
कठपुतली शो से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत 22 अगस्त को पारंपरिक कठपुतली शो से हुई. इसके माध्यम से बच्चों को मनोरंजन के साथ वैज्ञानिक तथ्यों, नैतिक मूल्यों और लोककला की जानकारी दी गई. बच्चों ने कठपुतली शो का आनंद लेते हुए विभिन्न संदेशों को समझा.
हैंडबैग निर्माण में दिखाया हस्तकौशल
23 अगस्त को हैंडबैग निर्माण गतिविधि आयोजित की गई. इसमें बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और हस्तकौशल का प्रदर्शन किया. बच्चों ने विभिन्न सामग्रियों का उपयोग कर आकर्षक हैंडबैग तैयार किए.
प्रेरणादायक फिल्म से मिली आगे बढ़ने की सीख
24 अगस्त को बच्चों के लिए प्रेरणादायक फिल्म का प्रदर्शन किया गया. फिल्म के माध्यम से बच्चों को मेहनत, सकारात्मक सोच और असफलता के बाद दोबारा प्रयास करने की सीख दी गई. बच्चों ने फिल्म के संदेश को उत्सुकता के साथ ग्रहण किया.
मेहंदी और गायन प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
25 अगस्त को मेहंदी एवं गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई. इसमें छात्राओं ने अपनी कलात्मक और संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला.
माचिस की तीलियों से बनाई आकर्षक कलाकृतियां
कार्यक्रम के समापन दिवस 26 अगस्त को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. नर्सरी के बच्चों ने नृत्य प्रतियोगिता में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. कक्षा प्रथम से तृतीय के बच्चों ने माचिस की तीलियों से आकर्षक कलाकृतियां और मॉडल तैयार किए.
बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कक्षा चतुर्थ और पंचम के विद्यार्थियों ने 'बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट' गतिविधि में भाग लिया. बच्चों ने बेकार सामग्री का रचनात्मक इस्तेमाल कर उपयोगी वस्तुएं तैयार कीं. इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और अपशिष्ट पदार्थों के बेहतर उपयोग का संदेश दिया.
रचनात्मक गतिविधियों से बढ़ता है बच्चों का आत्मविश्वास
प्राचार्या कविता सिंह ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, कौशल और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं. उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया.
सभी गतिविधियां बाल-भवन प्रभारी कीर्ति कुमारी के दिशा-निर्देशन तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुईं.
