Lakhisarai Cyber Crime: लखीसराय. जिला पुलिस ने अंतरराज्यीय एटीएम स्वैपिंग और साइबर ठगी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना चंदन सिंह को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के रजौंधा टोला मखदूमपुर निवासी शंकर सिंह का पुत्र है. एसपी प्रेरणा कुमार ने प्रेसवार्ता में मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी बांका जिले से की गई है.
एटीएम में कार्ड फंसने के बाद ठगी का शिकार हुए थे रोहित
घटना 19 जुलाई 2026 की है. अमहरा थाना क्षेत्र के मोरमा निवासी रोहित कुमार कवैया थाना क्षेत्र के हसनपुर स्थित एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे. इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. एटीएम के पास दीवार पर चिपकाए गए फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर उन्होंने संपर्क किया.
आरोप है कि ठगों ने फोन पर उन्हें झांसे में लेकर जमुई मोड़ बुला लिया. इसी दौरान गिरोह के सदस्यों ने एटीएम मशीन से कार्ड निकाल लिया और बाद में उससे 3 लाख 36 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली.
कवैया थाने में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
घटना के बाद रोहित कुमार की शिकायत पर कवैया थाना में कांड संख्या 277/26 दर्ज किया गया. मामले के उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसपी प्रेरणा कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ शिवम कुमार के नेतृत्व में कवैया थाना और तकनीकी शाखा की विशेष टीम गठित की गई.
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से सामने आया आरोपी का नाम
विशेष टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने चंदन सिंह की पहचान की. इसके बाद 30 जुलाई 2026 की रात गया जिले के रजौंधा टोला स्थित उसके ठिकाने पर छापेमारी की गई.
हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गया, लेकिन टीम ने उसके ठिकाने से घटना से जुड़े कई सामान और नकदी बरामद की.
छापेमारी में नकदी और स्वाइप मशीन बरामद
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की छापेमारी में 49,500 रुपये नकद, फोनपे कंपनी की एक स्वाइप मशीन, मोबाइल फोन, दो लोहे के प्लास, एक पेचकस, एक चाकू, घटना के समय पहनी गई टी-शर्ट और चप्पल बरामद की गई.
9 अगस्त को बांका से हुई गिरफ्तारी
लगातार दबिश और संभावित ठिकानों पर छापेमारी के बाद पुलिस ने 9 अगस्त 2026 को चंदन सिंह को बांका जिले से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों और सहयोगियों के बारे में पूछताछ कर रही है.
आरोपी पर कई जिलों में दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है. पुलिस के अनुसार चंदन सिंह के खिलाफ पटना, वैशाली, सुपौल और लखीसराय के विभिन्न थानों में ठगी, चोरी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं.
कवैया थाना में कांड संख्या 243/26, 261/26, 268/26 और 279/26, रूपसपुर थाना में 235/24 एवं 179/24, वैशाली सदर थाना में 595/23 और 598/23 तथा राघोपुर थाना में 276/23 के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है.
अन्य मामलों में रिमांड पर लेने की तैयारी
Lakhisarai Cyber Crime: पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है. अधिकारियों के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ-साथ लखीसराय जिले में दर्ज अन्य मामलों में भी चंदन सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है.
