32वीं बाल विज्ञान कांग्रेस: लखीसराय में शिक्षकों का प्रशिक्षण शिविर, नवाचारी प्रोजेक्ट्स पर जोर

लखीसराय में 32वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया. कार्यशाला में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और परियोजना निर्माण पर विशेष जोर दिया गया. चयनित परियोजनाएं राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व करेंगी.

Science Congress: लखीसराय में साइंस फोर सोसाइटी के तत्वावधान में 32वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 को लेकर बुधवार को राजकीय हसनपुर उच्च विद्यालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह निर्देशन कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विज्ञान शिक्षकों को वैज्ञानिक सोच, नवाचार और परियोजना निर्माण की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि छात्र विज्ञान के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर सकें.

संयुक्त रूप से हुआ कार्यक्रम का उद्घाटन

कार्यशाला की अध्यक्षता साइंस फोर सोसाइटी के अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह ने की. कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडलाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, सेवानिवृत्त डीआरएम डॉ. रमाकांत वर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य शैलेंद्र सिंह, जिला को-ऑर्डिनेटर अरविंद कुमार भारती, जिला शैक्षिक को-ऑर्डिनेटर प्रो. मनोरंजन कुमार तथा सह प्रधानाध्यापक राजेश कुमार उपाध्याय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम का संचालन प्रो. मनोरंजन कुमार ने किया.

विज्ञान और नवाचार पर दिया गया विशेष जोर

एसडीओ प्रभाकर कुमार ने कहा कि विज्ञान केवल विषय नहीं बल्कि सोचने और समस्याओं का समाधान खोजने का माध्यम है. उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया. जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने कहा कि जिले के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर मिले सम्मान शिक्षकों की मेहनत का परिणाम हैं और इस परंपरा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है.

कम लागत वाले नवाचारों की दी जानकारी

जिला को-ऑर्डिनेटर अरविंद कुमार भारती ने कम लागत में वैज्ञानिक नवाचार और शोध आधारित परियोजनाओं की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की. वहीं मार्गदर्शक शिक्षक एवं जूनियर वैज्ञानिक शिवम कुमार ने "निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार" विषय पर परियोजना निर्माण की तकनीक, प्रस्तुति और मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी दी.

75 विद्यालयों के शिक्षक हुए शामिल

Science Congress: कार्यशाला में जिले के 75 विद्यालयों के विज्ञान शिक्षक एवं विज्ञान में रुचि रखने वाले शिक्षकों ने भाग लिया. प्रशिक्षण के बाद सभी शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों से विज्ञान परियोजनाएं तैयार कराएंगे. सितंबर माह में इन परियोजनाओं का जिला स्तरीय प्रदर्शन आयोजित होगा, जिसमें चयनित परियोजनाएं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 में लखीसराय का प्रतिनिधित्व करेंगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >