परीक्षा की विश्वसनीयता एवं निष्पक्षता बनाये रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता:डीएम

जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

सभी केंद्राधीक्षक व संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने का दिया निर्देश 15 मार्च को होगी व्यवहार न्यायालय अंतर्गत परिचारी एवं आदेशपाल पदों पर नियुक्ति की परीक्षा डीएम ने सभी केंद्राधीक्षक व संबंधित अधिकारियों के साथ की बैठक लखीसराय. जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में उनके ही कार्यालय कक्ष में मंगलवार की देर शाम व्यवहार न्यायालय अंतर्गत परिचारी एवं आदेशपाल पदों पर नियुक्ति हेतु आगामी 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक, संबंधित पदाधिकारी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता एवं निष्पक्षता बनाये रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी केंद्राधीक्षक एवं संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें. जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा शौचालय आदि की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा कक्षों में उचित सीटिंग अरेंजमेंट किया जाय ताकि परीक्षार्थियों के बीच पर्याप्त दूरी बनी रहे और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके. बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि परीक्षा में प्रतिनियुक्त सभी शिक्षक एवं कर्मी अपने-अपने पहचान पत्र (आई-कार्ड) अनिवार्य रूप से धारण करेंगे. इसके अतिरिक्त केंद्राधीक्षक द्वारा सभी प्रतिनियुक्त विक्षकों से शपथ पत्र प्राप्त किया जायेगा, जिसमें यह सुनिश्चित किया जायेगा कि उनके किसी भी रिश्तेदार अथवा परिजन का परीक्षा उसी केंद्र पर नहीं हो रहा है. इससे परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनी रहेगी. जिलाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों को यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर लें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत जिला प्रशासन को अवगत करायें. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था के संधारण हेतु पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया. बैठक में परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाये रखने, समय पालन सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया. जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके. इस बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, संबंधित केंद्राधीक्षक सहित अन्य उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >