कवैया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर न्यू बाइपास पर छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान 750 एमएल रायल स्टेग की 72 व 375 एमएल की 190 बोतल शराब बरामद की गयी.
लखीसराय : गुप्त सूचना के आधार पर शहर की कवैया थाना पुलिस ने न्यू बाइपास रोड पर दामोदरपुर मोड़ के पास से एक मारुति के सर्च करने पर उसमें से भारी मात्रा में शराब बरामद करने में सफलता प्राप्त की है़
इस संबंध में कवैया थाना में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने एक प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी़ एसपी ने कहा कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध शराब में संलिप्त एक व्यक्ति द्वारा एक मारुति कार से भारी मात्रा में झारखंड से शराब लेकर उसे विभिन्न जगहों पर बिक्री के लिए लेकर जा रहा है़ जिसके बाद कवैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर उक्त मारुति की तलाशी के लिए लगाया गया़
मंगलवार की सुबह न्यू बाइपास पर दामोदरपुर मोड़ के पास से सिल्वर रंग का मारुति आल्टो बीआर 09-5509 से रोक कर उसकी तलाशी लिये जाने पर उसमें से चार बड़े काले रंग की बैग व रायल स्टेग के कार्टून से अंगरेजी शराब रायल स्टेग कंपनी की 750 एमएल की 72 बोतल एवं 375 एमएल की 190 शराब बरामद की गयी. जिस पर सिर्फ झारखंड में ही बिक्री होने की बात लिखी गयी है़ एसपी ने बताया मारुति से शराब बरामदगी के बाद उसपर सवार अवैध शराब कारोबारी बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र के बरियारपुर रहाटपुर निवासी नर्मदेश्वर सिंह के पुत्र संदीप कुमार को गिरफ्तार करने के साथ ही मारुति को भी जब्त कर लिया गया है़
उन्होंने बताया कि अवैध शराब कारोबारी झारखंड से शराब लाकर विभिन्न छोटे-छोटे अवैध शराब के कारोबारियों को ऊंची कीमत पर शराब बेचने का काम करता है़ मौके पर कवैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सहित अन्य थाना के कर्मी मौजूद थे़
