डाक्टर्स डे के मौके पर जिले के चिकित्सक ने आये दिन चिकित्सकों के मारपीट व दुर्व्यवहार की घटना को ले विरोध दर्ज कराया. कहा कि इसका निदान नहीं हुआ तो वृहत पैमाने पर आंदोलन होगा.
लखीसराय : शुक्रवार डाक्टर्स डे के मौके पर जिले के चिकित्सकों ने क्लिनिक एक्ट व चिकित्सकों के साथ आये दिन हो रहे दुर्व्यवहार व मारपीट के विरोध में काला बिल्ला लगा कर कार्य किया. जिले के सदर अस्पताल लखीसराय सहित रेफरल अस्पताल बड़हिया व सभी पीएचसी के अलावे एपीएचसी केंद्र सहित निजी क्लिनिकों के चिकित्सकों ने क्लिनिक एक्ट व डॉक्टर के साथ मरीजों के परिजनों द्वारा किये जाने वाले दुर्व्यवहार के खिलाफ काला बिल्ला लगा कर कार्य किया.
चिकित्सक अरुण कुमार ने इस संबंध में बताया कि मरीजों के परिजन व छूटभैये नेताओं द्वारा इस कार्य में आग में घी देने का काम किया जाता है. उन्होंने कहा कि अगर सरकार क्लिनिक एक्ट को वापस नहीं लेती हैं तो चिकित्सकों के द्वारा वृहद पैमाने पर आंदोलन चलाने के बाध्य होंगे.
वहीं रोटरी क्लब के द्वारा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या एक स्थित मुसहरी टोला में डॉ रामानुज सिंह की देखरेख में मेडिकल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमें लगभग एक सौ रोगियों का इलाज कर मुफ्त में दवा का वितरण किया गया. मौके पर क्लब के अध्यक्ष अरविंद भारती, नवीन कुमार, राहुल कुमार आदि उपस्थित थे.
