दुकान में नहीं लगा था बोर्ड
सूर्यगढ़ा : भारी एमओ सह अंचलाधिकारी प्रेम कुमार ने रविवार को कजरा क्षेत्र के चार जन वितरण प्रणाली दुकान का औचक निरीक्षण किया. वितरण तिथि होने के बाद निरीक्षण के क्रम में चार में से तीन जन वितरण प्रणाली की दुकान बंद पाया गया. अंचलाधिकारी ने बताया कि कजरा क्षेत्र की चार पीडीएस दुकानों में से श्रीघना स्थित वाल्मीकि पासवान,मदनपुर स्थित डीलर संजय चौधरी की दुकान व विजय कुमार की दुकान बंद पाया गया. मदनपुर स्थित डीलर सुरेंद्र साव द्वारा लाभुकों के बीच खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा था.
उन्होंने बताया कि डीलर वाल्मीकि पासवान की दुकान श्रीघना में है जबकि वे कोरासी के लाभुकों का खाद्यान्न वितरण करते हैं. वितरण की तिथि होने की वजह से दूर से चलकर लाभुक खाद्यान्न लेने के लिये आये हुए थे लेकिन दुकान बंद होने की वजह से उन्हें वापस लौटना पड़ा. दुकान में बोर्ड भी नहीं लगा था. संजय चौधरी की पीडीएस दुकान भी मदनपुर में है जबकि उनके द्वारा श्री किशुन के लाभार्थी को खाद्यान्न वितरण किया जाता है.
निरीक्षण के क्रम में दुकान बंद होने के साथ वहां कोई बोर्ड नहीं लगा था. अंचलाधिकारी के मुताबिक मामले की जानकारी अनुमंडलाधिकारी अंजनी कुमार को दी गयी है. बताते चलें कि एक दिन पूर्व शनिवार को ही अंचलाधिकारी ने एम ओ का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया था.
