अंतिम दिन प्रत्याशियों ने प्रचार में लगायी पूरी ताकत
लखीसराय : जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत जिप क्षेत्र संख्या सात व आठ अंतर्गत 10 पंचायतों में शुक्रवार छह अप्रैल को चौथे चरण में होने वाले मतदान को लेकर बुधवार की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया. प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी. सुबह से ही प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ प्रचार का दौर चलता रहा. चुनाव प्रचार का उमंग प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों के सिर इस कदर बोल रहा था कि वे कड़ी धूप की भी परवाह नहीं कर रहे थे.
सैकड़ों की संख्या में महिलाएं , पुरुष यहां तक की बच्चे भी प्रचार में शामिल होकर अपने प्रत्याशी का समर्थन करते नजर आये. हालांकि अंतिम दिन प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता का भी उल्लंघन होता रहा. चुनाव प्रचार भी पूरी तरह हाइटेक नजर आया. मुखिया प्रत्याशी भी वाहनों के साथ इस तरह चुनाव प्रचार कर रहे थे मानों विधान सभा या लोक सभा का चुनाव लड़ रहे हों.
