लखीसराय : सरकार द्वारा एक अप्रैल से देसी शराब व पांच अप्रैल को पूर्ण शराब बंदी की घोषणा जिले में सख्ती से लागू करने के कारण अचानक सड़क दुर्घटना में कमी आयी है. आंकड़ों पर गौर करने के बाद पिछले दो सप्ताह में सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ काफी हद तक नीचे गिरा है. यह इस बात का संकेत है कि शराब बंदी से दुर्घटना में काफी कमी आयी है.
जिला मुख्यालय एनएच 80 व रेल मुख्य मार्ग से जुड़ा रहने व व्यवसायिक गतिविधियों से जुड़ा रहने कारण हर रोज यहां से व्यवसायी लोग गुजरते हैं. शराब बंदी से पहले की बात करें तो अक्सर एनएच 80 पर बड़हिया से लेकर मेदनीचौकी तक व जिला मुख्यालय से हलसी सिकंदरा रोड में कहीं न कहीं अक्सर सड़क दुर्घटना की बातें सामने आती रहती थी. इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता शिव रंजन प्रसाद उर्फ लाला बाबू ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पूरे राज्य में शराब बंदी की घोषणा कर समाज में शराब पीने वालों को उठने बैठने का अवसर दिया है.
पहले जो शराब पीकर अपने घर में बड़े बुजूर्ग के पास जाने में हिचकते थे अब वह भी अपने परिवार व बच्चों के बीच बैठ कर आपस में घुल-मिल कर रह रहे हैं. वहीं उन्होंने कहा कि पहले जहां अक्सर सुनने में आता था कि अमुक जगह पर बाइक सवार सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी है वह शराब बंदी के दिन से अभी तक नहीं सुनने को मिल रहा है.
