लखीसराय : नक्सली संगठन से संबद्ध सीपीआइ(एमएल) महादेव मुखर्जी गुट ने पीरीबाजार थाना क्षेत्र के घोघी बरियारपुर में पोस्टर चिपका कर आगामी 25 दिसंबर को घोघी बरियारपुर गांव स्थित शहीद वेदी पर हर साल की भांति इस साल भी शांतिपूर्ण तरीके से शहादत दिवस मनाने की घोषणा की है.
संगठन से जुड़े सक्रिय सदस्य रामाशीष महतो उर्फ आशीष दा ने बताया कि संगठन के द्वारा इस साल भी घोघी बरियारपुर दिवस यानि शहादत दिवस शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जायेगा. इस दिन संगठन से जुड़े सदस्य शहीद वेदी पर पुष्पांजली कर अपने अमर शहीद साथी कामरेड शिवन मंडल, कौशल महतो, दल्लू मंडल, विक्कू मंडल व राजकुमार महतो को भावभीनी श्रद्धांजली देंगे. इस मौके पर एक बार फिर संगठन से जुड़े सदस्यों का घोघी बरियारपुर के शहीद वेदी पर जमावड़ा लगेगा. इधर घोघी बरियारपुर में चिपकाये गये पोस्टर में लिखा है
ऐतिहासिक घोघी-बरियारपुर दिवस के अमर शहीद कामरेड शिवन महतो, कौशल महतो, दल्लू मंडल, विक्कू मंडल, राजकुमार महतो की शहादत की 33 वीं बरसी पर तुम्हें लाखों-लाख लाल सलाम, हम तुम्हें नहीं भूले हैं, कभी नहीं भूलेंगे. नीचे लिखा है श्रद्धेय चारू मजूमदार के हाथों बनी अंतर्तम के नेता महादेव मुखर्जी द्वारा स्थापित वर्ग नेतृत्व में संचालित सीपीआई एमएल.
एक दूसरे पोस्टर में लिखा है एक मात्र कामरेड स्तालिन द्वारा दिखाये रास्ते से ही मानव जाति अपनी मुक्ति हासिल कर सकता है : चेयरमैन माओत्से तुंग. एेतिहासिक 21 दिसंबर महानायक स्तालिन के 137 वें जन्म दिन पर उन्हें लाखों-लाख सलाम. वहीं एक अन्य पोस्टर में लिखा है राजनैतिक सत्ता का जन्म बंदूक की नली से होता है-चेयरमैन माओत्से तुंग. चेयरमैन माओ के 123 वें जन्म दिवस पर आपको लाखों-लाख सलाम.
