बंडोल में 121 कन्याओं के कलश यात्रा से शुरू हुआ 24 घंटे का रामधुनी यज्ञ, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा इलाका

Bandol Ramdhuni Yagya : बंडोल गांव के शिव मंदिर परिसर में 24 घंटे के अखंड रामधुनी यज्ञ का शुभारंभ 121 कुमारी कन्याओं और सुहागिन महिलाओं द्वारा भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ. मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत के बीच निकले इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

Bandol Ramdhuni Yagya : प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत बंडोल गांव के शिव मंदिर परिसर से रविवार सुबह अखंड 24 घंटे रामधुनी यज्ञ को लेकर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी. ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच निकली यात्रा में 121 कुमारी कन्याओं और सुहागिन महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर हिस्सा लिया. श्रद्धालु पूरे मार्ग में जय श्रीराम के जयघोष लगाते हुए भक्ति में सराबोर नजर आए.

मंत्रोच्चार के बीच हुआ जल भराव और धार्मिक अनुष्ठान

शोभायात्रा बंडोल शिव मंदिर से निकलकर हलसी थाना परिसर स्थित तालाब पहुंची. यहां पंडित राजेश कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश पूजन, जल भराव और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए. यज्ञ के यजमान नारायण राम एवं उनकी धर्मपत्नी सिंहता देवी ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर यज्ञ का शुभारंभ किया.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई विशेष व्यवस्था

भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पेयजल, नींबू पानी और शरबत की व्यवस्था की. आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एंबुलेंस की तैनाती की गई, जबकि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौजूद रहा. इससे श्रद्धालुओं ने सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया.

सोमवार को भंडारे के साथ होगा यज्ञ का समापन

आयोजन समिति के राजकुमार राम ने बताया कि मलमास या अधिकमास, जो लगभग 12 वर्ष के अंतराल पर विशेष संयोग में आता है, उसके अवसर पर गांव में अखंड 24 घंटे रामधुनी यज्ञ का आयोजन किया जाता है. सोमवार शाम प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे के साथ यज्ञ का समापन होगा. इस अवसर पर दिनेश राम, शंकर राम, ब्रह्मदेव राम, कुंदन राम, गौतम चंद्रवंशी, नागेश्वर चंद्रवंशी, ओमप्रकाश, विवेक, संतोष, वशिष्ठ, श्रीमांझी, गुड्डू, रणवीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >