दुकानदारों के विरोध को देखते हुए चौक पर की गयी थी पुलिस की व्यापक व्यवस्था
लखीसराय : सोशल मीडिया के प्रचार-प्रसार पर आधारित मंगलवार के भारत बंद के दौरान शरारती तत्वों के द्वारा विद्यापीठ चौक पर की दुकानों में की गयी तोड़फोड़ व एक व्यक्ति को मारपीट कर घायल करने के विरोध स्वरूप बुधवार को विद्यापीठ चौक पर स्थित सभी दुकानें बंद रहीं. दुकानदारों ने बुधवार की सुबह बैठक कर घटना को लेकर आक्रोश व्यक्त किया. बैठक से पूर्व दुकानदार आक्रोश व्यक्त करते हुए अपनी-अपनी दुकानें बंद रखी. वहीं कुछ देर के लिए सड़क जाम करने का प्रयास किया गया,
लेकिन आपसी सहमति पर तुरंत ही जाम को हटा लिया गया. दुकानदारों के द्वारा विद्यापीठ चौक पर स्थित एक मार्केट में बैठक की गयी, जहां पटना से लखीसराय पहुंच स्थानीय विधायक सह श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी बैठक में शामिल हुए. इस दौरान मंत्री ने कहा कि मंगलवार की घटना निंदनीय है, आंदोलन करने वालों में शामिल शरारती तत्वों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है,
जिसके खिलाफ कार्रवाई अवश्य होगी. वे भी स्वयं प्रशासन से इस संबंध में वार्ता करेंगे. उन्होंने कहा कि अफवाहों से बचें, अफवाह हमेशा से ही समाज को नुकसान पहुंचाने का काम करती है. बुधवार की सुबह से बंद हुई दुकानें देर शाम तक नहीं खुली थी. संध्या में सिर्फ चौक पर अवस्थित सब्जी विक्रेता ही अपनी दुकानों को पाये.
वहीं देर शाम विद्यापीठ चौक के दुकानदारों ने जिला मुख्यालय में मंत्री विजय कुमार सिन्हा, जिलाधिकारी अमित कुमार एवं एसपी श्री शर्मा से मुलाकात कर इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की मांग रखी. जिस पर जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा. इधर, बुधवार की सुबह विद्यापीठ चौक पर पुन: आंदोलन की सुगबुगाहट होने की सूचना मिलते ही नये पुलिस कप्तान कार्तिकेय के शर्मा ने विद्यापीठ चौक पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के साथ दंगा नियंत्रक वाहन की व्यवस्था कर दी थी. जो किसी भी स्थिति से निबटने के लिए तैयार थे. इस संबंध में एसपी ने कहा कि इस तरह के उपद्रव को वो कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे.
इस तरह की सूचना मिलते ही वे उससे निबटने के लिए पूरी तैयारी करेंगे. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मंगलवार की घटना को लेकर बीडीओ के आवेदन पर सात लोगों को नामजद करते हुए 200 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. वहीं उन्होंने बताया कि मारपीट की घटना में घायल के द्वारा अगर आवेदन दिया जाता है तो उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी अन्यथा पुलिस अपने बयान पर प्राथमिकी दर्ज करेगी.
नामजद प्राथमिकी दर्ज
बंद व मारपीट मामले में विद्यायतन स्कूल के प्रिंसिपल आनंद, सलौनाचक निवासी सुधीर सिंह के पुत्र शिवम सिंह, पप्पू सिंह के पुत्र नीतीश कुमार, जवाहर सिंह के पुत्र सुदामा सिंह, धर्मेंद्र सिंह (पिता का नाम नहीं), वार्ड संख्या 5 निवासी कृषि वैज्ञानिक बीके सिंह के पुत्र मृत्युंजय सिंह व रामपुर गांव निवासी सुमन कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया गया है.
भाकपा ने की निंदा
सूर्यगढा : स्थानीय भाकपा कार्यालय में बुधवार को नंदकिशोर सिंह की अध्यक्षता में अंचल कमेटी की बैठक हुई. जिसमें मंगलवार 10 अप्रैल को भारत बंद के दौरान बंद समर्थकों के द्वारा लखीसराय विद्यापीठ चौक के समीप दुकानदारों का समान जलाने तथा महेंद्र साव पर जानलेवा हमला की निंदा करते हुए पार्टी ने मामले के दोषी को चिह्नित कर प्रशासन से उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. भाकपा कार्यकर्ता पीरीबाजार थाना क्षेत्र के चौकरा निवासी जनार्दन ठाकुर एवं उनकी पत्नी को सोये अवस्था में घर में आग लगाकर जिंदा जलाने की दोषी मंजु देवी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई.
देश में बढ़ रहे दलित अत्याचार पर चिंता जताते हुए उनके लिए बनाये कानून को खत्म करने के लिए दोषी नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ 14 अप्रैल को लखीसराय में प्रतिरोध मार्च में सूर्यगढा से हजारों की संख्या में भाग लेने का निर्णय लिया. बैठक में भाकपा के जिला सचिव जितेंद्र कुमार के अलावा खेमयू के राज्य सचिव प्रमोद शर्मा, एटक जिला सचिव जनार्दन सिंह, भाकपा अंचल सचिव उमेश दास, सहायक अंचल सचिव सह खेमयू अंचल सचिव कैलाश प्रसाद सिंह इंजीनियर, जिला परिषद सदस्य हरखित यादव, महिला नेत्री निर्मला देवी, खेमयू नेता परशुराम पासवान, प्रकाश महतो, प्रकाश दास आदि उपस्थित थे.
