उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग जगहों
पर की कार्रवाई
लखीसराय : उत्पाद विभाग ने चार अलग-अलग जगहों से गुप्त सूचना के आधार पर देसी मसालेदार व महुआ शराब के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया़ इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्पाद थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पहला मामला बाइपास में लखीसराय-बड़हिया रेल लाइन के पास हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस को वैक्यूम काट कर रोकने के बाद ट्रेन से एक बोरा में देसी मसालेदार शराब को ट्रेन से फेंका गया़ इस संबंध में पूर्व से मिली सूचना के आधार पर उत्पाद थाना की पुलिस पूर्व से वहां मौजूद थी़ जिस वजह से शराब तस्कर ट्रेन से नहीं उतरे. जिस वजह से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी और ट्रेन खुल गयी़
जिसके बाद शराब से भरे बोरे को जब्त किया गया, जिसमें 200 एमएल की 150 देसी मसालेदार शराब की पाउच बरामद की गयी़ वहीं श्री कुमार ने बताया कि इसके अलावा गुप्त सूचना के आधार पर रेल हाता लखीसराय, सब्जी मंडी एवं हलसी थाना क्षेत्र के मानपुर में अलग-अलग छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया.
जिनके पास से 08 लीटर महुआ शराब बरामद की गयी है़ गिरफ्तार होने वालों में हलसी मानपुर के बानोश्वर चौधरी का 30 वर्षीय पुत्र जमुना चौधरी, स्व़ बुद्धन चौधरी का 40 वर्षीय पुत्र चुनचुन चौधरी, लखीसराय के नेरी निवासी नीरू मांझी का 26 वर्षीय पुत्र गणेश मांझी, स्व़ कुलदीप मांझी का 36 वर्षीय पुत्र भोला मांझी तथा डीह पिपरिया के दासो भगत का पुत्र सरेंद्र भगत शामिल है़ सभी के खिलाफ बिहार सरकार की नई उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा जायेगा.
मेदनीचौकी प्रतिनिधि के अनुसार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने पड़ोसी जिला के समीपवर्ती क्षेत्र कुतलुपुर दियारा में छापेमारी कर टीन में रखकर जमीन में गाड़ा गया लगभग 50 किलो महुआ बरामद कर उसे नष्ट किया गया़ इस संबंध में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के द्वारा मिली सूचना के आधार पर छापेमारी की गयी़ उन्होंने बताया
कि शराब बनाने वालों के द्वारा महुआ को जमीन में गाड़ कर रखा जाता है तथा उसके गलने पर उससे शराब बनायी जाती है़ जिसे उनके थाना क्षेत्र में भी सप्लाई की जाती है़ इस संबंध में मुंगेर के मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दिये जाने के बाद कार्रवाई की गयी़
