संयुक्त श्रमायुक्त ने मजदूर निबंधन का लिया जायजा
लखीसराय : जिला मुख्यालय स्थित निर्माणाधीन पुलिस लाइन में राज्य के श्रम संसाधन विभाग के संयुक्त श्रमायुक्त सुजीत कुमार राय ने 6 नवंबर से प्रारंभ निर्माण श्रमिकों के निबंधन कार्य के अभियान को लेकर पदाधिकारियों के साथ बैठक कर प्रोग्रेस रिपोर्ट प्राप्त किया. साथ ही पुलिस लाइन निर्माण कार्य में लगे 103 मजदूरों के निबंधन को लेकर अपने समक्ष ही आवेदन भरवाये. श्री राय ने बताया कि 6 नवंबर से 15 नवंबर तक चलाये गये अभियान में श्रम विभाग के पदाधिकारियों को कार्य स्थल पर जाकर फॉर्म उपलब्ध कराने एवं जमा लेने का निर्देश
दिया गया है. सूबे के श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा राज्य मुख्यालय के पदाधिकारियों को इस अभियान की समीक्षा सभी जिला मुख्यालयों में जाकर लेने का निर्देश है. अधिक से अधिक श्रमिकों को निबंधित कर भवन निर्माण कल्याण बोर्ड के माध्यम से लाभांवित करने को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है. जिसमें मजदूर के परिजनों के शिक्षा,
स्वास्थ्य में भी लाभ पहुंचाये जाने की योजना जुड़ी है. लखीसराय जिला मे अब तक इस अभियान में 272 आवेदन जमा लिये गये है. जबकि 1788 कामगार मजदूरों के बीच फॉर्म वितरित कर दिया गया है. मनरेगा के मजदूरों को निबंधित करने को लेकर सभी पीओ एवंपीआरएस को उप विकास आयुक्त विनय कुमार मंडल के माध्यम से बैठक कर इस संबंध में 5 नवंबर को ही निर्देशित किया जा चुका है. इसके बावजूद राज्य के छह जिले जिसमें लखीसराय भी शामिल है. मनरेगा मजदूरों को निबंधित करने का विशेष अभियान 22 नवंबर से चलाया जायेगा. मजदूरों को निबंधित करने के साथ उद्योग विभाग के सहयोग से उसे प्रशिक्षण दिये जाने की व्यवस्था भी जल्द शुरु किया जायेगा. इस दौरान सहायक श्रम आयुक्त मुंगेर आफताब आलम, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राजेश कुमार, सुबोध कुमार भी उपस्थित थे.
