लखीसराय/हलसी : प्रखंड के मोहद्दीनगर पंचायत के पूर्व मुखिया मकसूद खां की हत्या करने का प्लान बना रहे शूटरों में से तीन को मंगलवार को हलसी पुलिस ने पूर्व मुखिया के घर के सामने से गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, उसके चार साथी भागने में सफल रहे. इस संबंध में हलसी थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि मंगलवार की सुबह पुलिस गश्ती दल जब मोहद्दीनगर पंचायत के पूर्व मुखिया मकसूद खां के प्रेमडीहा स्थित घर के पास पहुंची तो उनके घर के सामने एक बोलेरो व एक बाइक पर सवार कुछ लोग पुलिस को देखकर भागने लगे़
शंका होने पर पुलिस ने भाग रहे लोगों में से तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि चार अन्य भागने में सफल रहे. पकड़े गये लोगों से पूछताछ करने पर उनलोगों के मकसूद खां की हत्या के लिए उनके घर के बाहर घात लगाये रहने की बातों का खुलासा हुआ़ थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि जेल में बंद रंजीत विश्वकर्मा ने उनलोगों को मकसूद खां की हत्या के लिए सुपारी दी थी़ थानाध्यक्ष ने बताया कि रंजीत विश्वकर्मा 2014 से प्रेमडीहा निवासी कामेश्वर यादव की हत्या के मामले में जेल में बंद है़
एक वर्ष पूर्व भी मकसूद खां पर हमला किया गया था़ थानाध्यक्ष ने बताया कि तीन लोगों के गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है़ उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों में एक सिकंदरा का तथा दो हलसी थाना क्षेत्र का निवासी है़ इसमें जमुई जिला के सिकंदरा थाना क्षेत्र के खुटकर निवासी दामोदर यादव का 20 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार, हलसी थाना क्षेत्र के दुलारपुर निवासी वीरो यादव 19 वर्षीय पुत्र सुनील यादव तथा हलसी थाना क्षेत्र के ही प्रतापपुर निवासी नरेश यादव का 20 वर्षीय पुत्र चंदन यादव शामिल है. थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों शूटरों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनकी एक बोलेरो व एक बाइक जब्त की गयी है़
