सामूहिक जाप से गूंज उठा जैन मंदिर, श्रद्धालुओं ने विश्व शांति व मानव कल्याण की कामना की
ठाकुरगंज. ठाकुरगंज में विश्व णमोकार महामंत्र दिवस श्रद्धा, भक्ति व आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ मनाया गया. इस अवसर पर सुबह जैन मंदिर में श्रद्धालु जमा हुए. णमोकार महामंत्र के सामूहिक जाप से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा व हर ओर शांति व सकारात्मकता का अद्भुत संचार देखने को मिला. कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद सामूहिक जाप व ध्यान का आयोजन किया गया. श्रद्धालुओं ने एक स्वर में ”णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं” का उच्चारण कर विश्व शांति, अहिंसा और मानव कल्याण की कामना की. ठाकुरगंज जैन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के बाद मोहन जैन, संतोष जैन, बिमल जैन, प्रदीप जैन, शांति लाल जैन व पवन जैन आदि ने बताया कि णमोकार महामंत्र केवल एक धार्मिक मंत्र नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला सार्वभौमिक सिद्धांत है. उन्होंने बताया कि इस मंत्र के नियमित जाप से व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे मानसिक शांति, आत्मबल व नैतिकता में वृद्धि होती है.इस अवसर पर युवाओं व बच्चों की भागीदारी भी विशेष रूप से देखने को मिली. महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया व सामूहिक जाप में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी. कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने एकजुट होकर विश्व में शांति, सद्भाव, अहिंसा व भाईचारे की स्थापना का संकल्प लिया. जैन समाज के लोगों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से नयी पीढ़ी को अपनी संस्कृति व संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है. शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए इस कार्यक्रम ने समाज में एकजुटता का संदेश दिया.
