दिघलबैंक में सूखे नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने उठायी आवाज, एसएसबी ने दिया साथ

दिघलबैंक के बैरबन्ना में मदरसा दारुल हुदा में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद सूखे नशे के खिलाफ जागरूकता बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में ग्रामीणों ने स्मैक, गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थों के सेवन और बिक्री के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लिया.

Dighalbank drug awareness: दिघलबैंक प्रखंड के बैरबन्ना स्थित मदरसा दारुल हुदा में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद सूखे नशे के खिलाफ जागरूकता बैठक आयोजित की गयी. बैठक में मदरसा कमेटी, पंचायत प्रतिनिधि, सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में नशीले पदार्थों के कारोबार और सेवन पर रोक लगाने के साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास को मजबूत करना था.

नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने लिया संकल्प

बैठक में ग्रामीणों ने स्मैक, गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन के खिलाफ एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़ी जानकारी सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि नशे का असर केवल किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं.

एसएसबी के सहायक कमांडेंट मनोज कुमार ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य के साथ-साथ समाज की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नशीले पदार्थों के कारोबार या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी एसएसबी को दें. उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जायेगी और नशे के तस्करों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.

पंचायत स्तर पर भी निगरानी मजबूत करने पर जोर

मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन और सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को इसमें भागीदारी निभानी होगी. उन्होंने कहा कि नशे की समस्या युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर सकती है और कई परिवारों के लिए परेशानी का कारण बन रही है.

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की संगति और गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की. साथ ही पंचायत स्तर पर जागरूकता और निगरानी को मजबूत करने की बात कही. उन्होंने बैरबन्ना के ग्रामीणों और मदरसा कमेटी की पहल को सराहनीय बताया.

Dighalbank drug awareness: जागरूकता अभियान आगे भी जारी रखने पर सहमति

बैठक में वार्ड सदस्य प्रतिनिधि मोहम्मद इसराइल, मदरसा कमेटी के सदस्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. बैठक के दौरान नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना संबंधित सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया.

ग्रामीणों और मदरसा कमेटी ने नशे के खिलाफ इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित करने पर सहमति जतायी. स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गयी.

ग्रामीणों के साथ बैठे असिस्टेंट कमांडेंट मनोज कुमार, मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह। | Prabhat Khabar Network

Also Read: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का बदलेगा नाम? JDU के सांसद और मंत्री के बयान से चर्चा तेज

Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नरेंद्र कु गुप्ता

नरेंद्र कु गुप्ता प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. दिघलबैंक (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >