फतेहपुर बीओपी के जवानों ने 180 किलो यूरिया व दो साइकिलें कीं जब्त, तस्करी की कोशिश नाकाम
टेढ़ागाछ. भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल की 12वीं वाहिनी अंतर्गत ई समवाय बीओपी फतेहपुर के जवानों ने सोमवार को गश्ती के दौरान अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. जवानों ने नेपाल ले जाई जा रही यूरिया खाद की खेप को जब्त कर दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया.सीमा स्तंभ 150/03 के पास हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 150/03 के समीप फतेहपुर क्षेत्र में की गई. नियमित गश्ती के दौरान एसएसबी जवानों ने सीमा से लगभग 50 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर दो संदिग्ध साइकिल सवारों को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान उनके पास से भारतीय जन उर्वरक परियोजना का ”भारत यूरिया” खाद बरामद हुआ.जब्त सामग्री व गिरफ्तार आरोपित
45-45 किलोग्राम की कुल चार बोरी यूरिया (कुल वजन लगभग 180 किलोग्राम). तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो साइकिलें. सुरेंद्र महतो (28 वर्ष) एवं मनोज महतो (30 वर्ष). दोनों आरोपी नेपाल के झापा जिला अंतर्गत गौरिगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे खाद को अवैध रूप से भारत से नेपाल ले जाने की फिराक में थे.जब्त खाद, साइकिल व गिरफ्तार दोनों आरोपितों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए टेढ़ागाछ कृषि विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. एसएसबी ने स्पष्ट किया है कि सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी को रोकने के लिए निगरानी और सख्त कर दी गयी है.
यह कार्रवाई सटीक खुफिया सूचना व सतर्कता के कारण सफल रही. इस अभियान में मुख्य रूप से निम्नलिखित जवान शामिल थे. एसआइ/जीडी द्विजेंद्र कलिता, एचसी/जीडी शिवाकांत कुमार, सीटी/जीडी राकेश कुमार, सीटी/जीडी झुनेलाल धुर्वे और सीटी/जीडी नील कमल बर्मन, एचसी/जीडी राकेश चौधरी एवं सीटी/जीडी दुर्गेश प्रताप पासवान आदि शामिल रहे.