सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी व मोबाइल प्रतिबंध लागू

सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी व मोबाइल प्रतिबंध लागू

इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को कदाचार-मुक्त कराने की तैयारी

किशनगंज. जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और कदाचार-मुक्त वातावरण में संचालित कराने के लिए सभी प्रतिनियुक्त स्टैटिक, जोनल और सुपर जोनल दंडाधिकारियों, सम्बद्ध पुलिस पदाधिकारियों और परीक्षा केन्द्राधीक्षकों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गयी. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा दो फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी. प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे और द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक निर्धारित है. जिले में कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें कला संकाय के 9866, वाणिज्य संकाय के 172 और विज्ञान संकाय के 2883, कुल 12921 परीक्षार्थी शामिल होंगे.

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों की सतत मॉनिटरिंग की जाए और प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाए. परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाएगी. मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र में पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, और परीक्षार्थी केवल चप्पल पहनकर ही प्रवेश कर सकेंगे. प्रथम पाली के लिए सुबह 9:00 बजे और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति होगी. परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए जिले में स्टैटिक दंडाधिकारी, गश्ती दल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता (जोनल दंडाधिकारी) और सुपर जोनल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर महिला दंडाधिकारी और महिला पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है, और परीक्षार्थियों की गहन तलाशी सुनिश्चित की जाएगी. परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है. पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि असामाजिक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों और कदाचार में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी अवांछनीय गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई होगी. शहर में यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं. ब्रीफिंग में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, एडीएम (आपदा प्रबंधन), अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे, साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी जुड़े रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >