उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले के आठ थानाध्यक्षों को एसपी ने किया पुरस्कृत
Copied link
उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले के आठ थानाध्यक्षों को एसपी ने किया पुरस्कृत
अपराध गोष्ठी में विधि-व्यवस्था और कांडों के सफल निष्पादन की हुई समीक्षा
किशनगंज. पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया. इस दौरान एसपी ने जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, कांडों के सफल निष्पादन एवं उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए विभिन्न थानों के आठ थानाध्यक्षों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया. सम्मानित होने वाले अधिकारियों में पोठिया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अंजय अमन, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार, एससी-एसटी थानाध्यक्ष दीपू कुमार, कोढ़ोबाड़ी थानाध्यक्ष संतोष कुमार, कुर्लीकोट थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी, अर्राबाड़ी थानाध्यक्ष कनकलता व विशनपुर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी शामिल हैं.
पुलिस पदाधिकारियों का बढ़ाया उत्साह
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सभी सम्मानित पदाधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं समर्पण भाव से कार्य करने हेतु प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने से विभाग में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और कार्य के प्रति प्रतिस्पर्धा बढ़ती है. एसपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पेंडिंग कांडों को जल्द निपटाने का निर्देश
गोष्ठी के दौरान एसपी ने जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्ती तेज करने, अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और विधि-व्यवस्था के प्रति सदैव सजग व सक्रिय रहने को कहा. मौके पर जिले के कई वरीय पुलिस अधिकारी और सभी थानों के प्रभारी मौजूद थे.
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.