ठाकुरगंज( किशनगंज ) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट :
गलगलिया-अररिया 327 ई फोरलेन के ठाकुरगंज शहर से सटे इलाके में इन दिनों सर्विस रोड पर ट्रांसपोर्टरों की मनमानी आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. सर्विस रोड पर घंटों ट्रक खड़े रहने से राहगीरों, छोटे वाहन चालकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार बंगाल में इंट्री खुलने का इंतजार कर रहे ट्रक चालक सड़क किनारे बने होटलों के सामने अपने वाहन खड़े कर घंटों आराम करते हैं. इंट्री माफिया की हरी झंडी मिलने तक कई-कई ट्रक पूरे दिन सर्विस रोड पर जमे रहते हैं. इससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बनी रहती है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. लोगों का कहना है कि ट्रक चालकों ने सर्विस रोड को ही अस्थायी पार्किंग जोन बना लिया है. कई बार पुलिस द्वारा ट्रकों को हटाया भी गया, लेकिन कुछ दिन बाद फिर वही स्थिति बन जाती है. आरोप है कि इस गंभीर समस्या पर न तो एनएचएआई ठोस कार्रवाई कर रही है और न ही स्थानीय प्रशासन स्थायी समाधान निकाल पा रहा है.यात्री वाहनों, स्कूल बसों को हो रही दिक्कत
सबसे अधिक परेशानी शहर में आने-जाने वाले यात्री वाहनों, स्कूल बसों और दोपहिया चालकों को हो रही है. सड़क किनारे खड़े बड़े ट्रकों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. स्थानीय निवासियों और प्रबुद्धजनों ने कई बार प्रशासन से शिकायत कर सर्विस रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने और ट्रकों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था करने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है.
