KISHANGANJ : बारिश के बीच गांव पहुंचे बीडीओ, जनगणना कार्य का लिया जायजा
ठाकुरगंज प्रखंड में चल रहे जनगणना कार्य को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह फील्ड में उतर गया है.
ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट :
ठाकुरगंज प्रखंड में चल रहे जनगणना कार्य को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह फील्ड में उतर गया है. रविआर को बीडीओ अहमर अब्दाली ने बारिश के बीच गांव पहुंचकर जनगणना कार्य का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर जमीनी हकीकत जानी तथा चल रहे सर्वे कार्य की गुणवत्ता परखी. निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने घर-घर हो रहे सर्वे, भवन संख्या अंकन एवं परिवार विवरण संग्रहण की प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया. कई ग्रामीणों से पूछताछ कर यह भी जानने का प्रयास किया गया कि जनगणना कर्मी सही तरीके से जानकारी दर्ज कर रहे हैं या नहीं. अधिकारियों की मौजूदगी से क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा. बीडीओ अहमर अब्दाली ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या गलत आंकड़ों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि एक छोटी गलती भी भविष्य की सरकारी योजनाओं को प्रभावित कर सकती है, इसलिए प्रत्येक परिवार का सही एवं पूर्ण विवरण दर्ज होना बेहद जरूरी है. निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनगणना कर्मियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने तथा भवन संख्या अंकन में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया. बीडीओ ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं बल्कि विकास की मजबूत नींव है, इसलिए सभी लोग सही जानकारी देकर प्रशासन का सहयोग करें. बारिश के बावजूद अधिकारियों की टीम को गांव-गांव पहुंचते देख स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल बना रहा. प्रशासन की इस सक्रियता को जनगणना कार्य को लेकर बढ़ती गंभीरता से जोड़कर देखा जा रहा है.