प्रोसीडिंग नहीं मिलने पर बिफरे उपसभापति, बोले- अफसरों की मनमानी नहीं चलेगी

प्रोसीडिंग नहीं मिलने पर बिफरे उपसभापति, बोले- अफसरों की मनमानी नहीं चलेगी

बड़हिया. नगर परिषद कार्यालय के सभागार में बुधवार को आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक हंगामेदार रही. नगर सभापति डेजी कुमारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विकास योजनाओं से ज्यादा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर तल्खी दिखी. उपसभापति गौरव कुमार ने प्रोसीडिंग समय पर न मिलने का मुद्दा उठाते हुए कार्यपालक पदाधिकारी को जमकर घेरा, जिससे बैठक में काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही.

सात दिनों में देनी होगी प्रोसीडिंग : ईओ

बैठक शुरू होते ही उपसभापति ने सवाल उठाया कि बोर्ड के निर्णयों की प्रोसीडिंग पार्षदों को समय पर क्यों नहीं दी जाती, उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजाक बताया. इस पर नगर कार्यपालक पदाधिकारी सह वरीय उपसमाहर्ता रवि कुमार ने नई व्यवस्था लागू करने का भरोसा देते हुए कहा कि अब बैठक के सात दिनों के भीतर सभी पार्षदों को प्रोसीडिंग की कॉपी उपलब्ध करा दी जाएगी.

कचरा उठाव के लिए देना होगा 25 रुपये शुल्क

बैठक में राज्य सरकार के निर्देशानुसार डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए शुल्क लागू करने पर चर्चा हुई. नगर परिषद क्षेत्र के हर घर से 25 रुपये मासिक शुल्क लिए जाने का प्रस्ताव रखा गया. पार्षदों ने इस पर सुझाव दिया कि शुल्क लागू करने से पहले जनता के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि बाद में कोई विवाद न हो.

2017 के बाद नहीं हुआ सर्वे, अब होगी नयी होल्डिंग

बैठक में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि नगर क्षेत्र में नल-जल योजना के लाभार्थियों की संख्या होल्डिंग टैक्स देने वालों से कहीं अधिक है. वर्ष 2017 के बाद सर्वे न होने को बड़ी लापरवाही मानते हुए बोर्ड ने नया होल्डिंग सर्वे कराने और हर घर पर ””हाउस नंबर”” अंकित करने पर सहमति जताई.

पुस्तकालय में वाई-फाई व स्ट्रीट लाइट पर फैसला

बैठक में जनहित से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. इसके तहत नगर के श्री जगदंबा हिंदी पुस्तकालय में वाई-फाई की सुविधा मिलेगी, जिसका खर्च नगर परिषद उठाएगा. पुरानी निविदा रद्द होने के कारण शहर में अंधेरे की समस्या पर अधिकारियों ने जल्द नयी निविदा निकालने का आश्वासन दिया. पानी की बर्बादी रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और मोटरों के अनियंत्रित उपयोग पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया. सामाजिक सुरक्षा पेंशन की समस्याओं के समाधान के लिए वार्ड स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे. बैठक में उपसभापति गौरव कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद और नगर परिषद के कर्मी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >